UP: किशोरी से दो युवकों ने किया दुष्कर्म, थाने में नहीं हुई सुनवाई, किशोरी ने लगाई फांसी, सिपाही निलंबित
UP Azamgarh News: आजमगढ़ जनपद से एक शर्मनाक मामला सामने आया है। आजमगढ़ में खेत में शौच करने गई एक किशोरी को गांव के ही रहने वाले दो युवकों ने पकड़ लिया और उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। इतना ही नहीं शिकायत करने पहुंचे तो हेड मुहर्रिर द्वारा चौकी प्रभारी और थाना प्रभारी को सूचना नहीं दी गई।
आरोपियों पर कार्रवाई न किए जाने से नाराज पीड़िता ने अपने ही घर में रात में साड़ी से फांसी का फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। पीड़िता की मौत के बाद उसके परिजनों द्वारा पुलिसकर्मी पर तत्काल कार्रवाई ना करने का आरोप लगाया गया। जानकारी होने के बाद पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ में सिपाही को निलंबित कर दिया है तथा एक आरोपी अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया गया है।

दरअसल, यह पूरा मामला आजमगढ़ जनपद के कप्तानगंज थाना क्षेत्र के एक गांव का है। बताया जा रहा है कि गांव की किशोरी 2 दिन पूर्व सायं काल खेत में शौच करने के लिए गई थी। शौच करने जाते समय गांव के ही नागेंद्र निषाद और आदर्श निषाद नामक दो युवकों ने उसे पकड़ लिया। पकड़ने के बाद दोनों उसे खेत में ले गए और जबरन दुष्कर्म किया।
किशोरी देर तक अपने घर नहीं लौटी तो उसका भाई उसे खोजते हुए निकला और जब वह खेत में पहुंचा तो उसने देखा कि उसके बहन के साथ गांव के ही रहने वाले दो युवक दुष्कर्म कर रहे हैं। वह शोर मचाते हुए उनके पास पहुंचा तब तक आरोपी वहां से भाग निकले। बताया जा रहा है कि रात में ही किशोरी को लेकर परिजन पुलिस के पास पहुंचे।
29 जुलाई की रात कप्तानगंज थाने के हेड मुहर्रिर राहुल कुमार को पीड़िता और उसके परिजनों ने मौखिक रूप से सूचना दी। बताया जा रहा है कि मोहर्रम जुलूस के दौरान चौकी प्रभारी और थाना प्रभारी संबंधित ड्यूटी पर गए थे। ऐसे में हेड मुहर्रिर की ओर से किसी को सूचना नहीं दी गई। हेड मुहर्रिर द्वारा लिखित तहरीर भी नहीं ली गई और पीड़ित को सुबह बुलाया गया।
खाने से लौटने के बाद पीड़िता और परिजन घर पहुंचे रात में पीड़िता ने साड़ी के सहारे फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर लिया। आत्महत्या करने से पहले पीड़िता द्वारा सुसाइड नोट भी लिखा गया था। सुसाइड नोट में उसने गांव के रहने वाले दोनों युवकों पर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया इसके अलावा पुलिस द्वारा कार्रवाई न करने की बात भी लिखी थी।
किशोरी की आत्महत्या करने की सूचना मिलने के बाद पुलिस जब मौके पर पहुंची और सुसाइड नोट बरामद किया गया तो उसमें हेड मुहर्रिर को भी दोषी पाया गया। फिलहाल कप्तानगंज थाने की पुलिस द्वारा परिजनों की तहरीर पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया गया जबकि दूसरे की तलाश जारी है।
वहीं इस मामले में थाने के हेड मुहर्रिर द्वारा तत्काल रुप से कार्यवाही न किए जाने की जानकारी होने के बाद आजमगढ़ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य द्वारा हेड मुहर्रिर को निलंबित कर दिया गया। निलंबित करने के साथ ही हेड मुहर्रिर राहुल कुमार के विरुद्ध धारा 166 ए की उप धारा सी के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करने का निर्देश भी दिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications