Azamgarh:चुनावी रंजिश में सपा नेता को मारी गोली, हालत गंभीर
Azamgarh News: आजमगढ़। उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में तेरहवीं में शामिल होकर लौट रहे सपा नेता पर बदमाशों ने फायरिंग कर दी। गोली लगने से सपा नेता गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन फानन में उन्हें इलाज के लिए सीएचसी लालगंज ले जाया गया, जहां से डाक्टरों ने उनकी हालत को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। परिजन इलाज के लिए सपा नेता को वाराणसी लेकर गए हैं। माना जा रहा है कि चुनावी रंजिश में सपा नेता पर हमला किया गया है। इस मामले में कोतवाली प्रभारी देवगांव संजय कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

जिला पंचायत सदस्य के चुनाव की तैयारी में जुटे थे सपा नेता
मामला देवगांव कोतवाली क्षेत्र के तिरोली गांव के पास की है। देवगांव कोतवाली के रामचंद्रपुर निवासी श्याम कन्हैया यादव (40) समाजवादी पार्टी के नेता हैं। जानकारी के मुताबिक श्याम यादव देवगांव क्षेत्र से जिला पंचायत सदस्य के चुनाव की तैयारी में जुटे थे। बुधवार शाम को एक तेरहवीं कार्यक्रम में शामिल होने के लिए वह गांव रसूलपुर दुधारा उर्फ चौकी गए थे।
बाइक सवार दो बदमाशों ने मारी गोली
तेरहवीं से लौटते वक्त रात करीब आठ बजे तिरोली गांव के पास पीछे से आए बाइक सवार दो बदमाशों ने उन्हें गोली मार दी और फरार हो गए। मौके पर मौजूद लोग श्याम यादव को सीएचसी लालगंज लेकर गए और पुलिस को सूचना दी। बताया गया कि गोली पीठ और हाथ में लगी थी। सीएचसी के डॉक्टर्स ने घायल की हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। रात में ही परिजन उन्हें वाराणसी ले गए और एक अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है। परिजनों ने चुनावी रंजिश में वारदात को अंजाम देने की आशंका जताई है। इस मामले में देवगांव कोतवाली प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि जांच की रही है। जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। हमलावरों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications