Rakshabandhan: छात्राओं ने पुलवामा शहीदों के लिए बनाई 131 फीट लंबी राखी, कहा- "वो हमारे भाई थे"
रक्षाबंधन के इस पावन पर्व पर उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ से बेहद ही खूबसूरत तस्वीर सामने आई है। यहां की कुछ स्कूली छात्राओं ने पुलवामा हमले में शहीद हुए जवानों के लिए 131 फीट लंबी राखी बनाई। सीमा पर शहीद हुए भाइयों के लिए इन बहनों द्वारा दी गई श्रद्धांजलि की पूरे क्षेत्र में सरहाना हो रही है। छात्रों ने ये राखी जनपद के डीएम विशाल भारद्वाज को सौंपी है।
पुलवामा शहीदों के लिए छात्राओं ने बनाई राखी
आपको बता दें कि आजमगढ़ के मुबारकपुर क्षेत्र की स्कूली छात्राओं ने पुलवामा हमले के शहीदों को रक्षाबंधन पर अनोखी श्रद्धांजलि दी है। छात्राओं ने करीब 131 फीट लंबी राखी बनाई और डीएम विशाल भारद्वाज को सौंपी। छात्राओं का कहना है कि सीमा पर खड़े सभी जवान हमारे भाई हैं, क्योंकि वो अपनी जान देकर भी हमारी सुरक्षा कर रहे हैं। इसलिए उनके लिए हमने यह राखी बनाई।

131 फीट लंबी राखी, लगी 12 दिन की मेहनत
इस राखी की खास बात ये है कि राखी के धागे पर पुलवामा आतंकी हमले में शहीद हुए जवानों की फ़ोटो के साथ उनके नाम और पद भी लिखे गए हैं। सबसे बीच में भारत माता की फोटो लगी है। छात्राओं को यह अद्भुत राखी बनाने में 12 दिन की कड़ी मेहनत लगी है। वहीं अब इस राखी की तस्वीर इंटरनेट पर भी जमकर वायरल हो रही है।

छात्राओं की सराहनीय पहल
वहीं डीएम विशाल भारद्वाज ने बच्चों की इस पहल को जमकर सराहा और कहा कि देश के लिए और हमारी सुरक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले जवानों को श्रद्धांजलि देने का रक्षाबंधन के अवसर पर यह बहुत ही सराहनीय प्रयास है। जिस प्रकार से रक्षाबंधन का पर्व भाई-बहन के प्यार और सुरक्षा के संकल्प के साथ मनाया जाता है, वैसे ही देश के जवानों से हम लोग जुड़े हुए हैं।















Click it and Unblock the Notifications