Lok Sabha Election 2024: आजमगढ़ में अखिलेश यादव की जनसभा में दूसरे दिन भी हंगामा, पुलिस ने पटकी लाठी
Lok Sabha Election 2024: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की जनसभा में आजमगढ़ में बुधवार को भी उत्साहित समर्थकों ने जमकर हंगामा किया। इससे पहले मंगलवार को भी अखिलेश यादव की जनसभा में उत्साहित समर्थकों ने हंगामा किया था।
बुधवार को जनसभा में हंगामा कर रहे लोगों को काबू में करने के लिए पुलिस को काफी परेशान होना पड़ा। हालांकि पुलिस ने लाठी पीटते हुए किसी तरह उन्हें वहां से हटाया उसके बाद जनसभा शुरू हुई और अखिलेश यादव ने मौजूद लोगों को संबोधित किया।

इधर जनसभा को संबोधित करने के बाद समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कार्यक्रम में भगदड़ के लिए भारतीय जनता पार्टी को जिम्मेदार बताया। उन्होंने कहा कि बीते हुए पांच चरणों के चुनाव में भाजपा की हालत खराब हो चुकी है।
ऐसे में भारतीय जनता पार्टी अपने कार्यकर्ताओं को भेज कर जनसभा में हंगामा करा रही है। उन्होंने कहा कि अपने समर्थकों को समाजवादी पार्टी की लाल टोपी और गमछा देकर सपा के कार्यक्रम में भेज दे रहे हैं और पुलिस भी कम लगाई जा रही है। जिससे हंगामा हो सके।
आजमगढ़ में दो जनसभाओं को अखिलेश यादव ने किया संबोधित: आजमगढ़ से समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी धर्मेंद्र यादव को जिताने के लिए सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बुधवार को आजमगढ़ में दो जनसभाओं को संबोधित किया।
पहली जनसभा आजमगढ़ के गोपालपुर विधानसभा के बघेला और दूसरी जनसभा बैठौली बाईपास पर आयोजित हुई। गोपालपुर में आयोजित जनसभा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गई उसके बाद दूसरी जनसभा में लोगों ने जमकर हंगामा किया।
अखिलेश यादव को देखने के लिए तोड़ दी बैरिकेडिंग: जनसभा में मौजूद समर्थक अखिलेश यादव की एक झलक पाने के लिए काफी उत्साहित नजर आए। उत्साहित लोग सुरक्षा घेरा तोड़ते हुए अखिलेश के पास पहुंचने का प्रयास करने लगे जिसके चलते पुलिस को लाठी पटकनी पड़ी।
यह पहला वाकया नहीं है जब अखिलेश यादव की जनसभा में समर्थकों ने हंगामा किया हो। इसके पहले प्रयागराज और आजमगढ़ सहित अन्य जगहों पर जनसभा के दौरान समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता हंगामा कर चुके हैं। प्रयागराज में तो जनसभा में हंगामा होने के चलते अखिलेश यादव और राहुल गांधी जनसभा को संबोधित किए बगैर वापस लौट गए थे।












Click it and Unblock the Notifications