आजमगढ़ में आकाशीय बिजली गिरने से दर्जन भर लोग घायल, सीएम ने अधिकारियों को इलाज कराने के दिए निर्देश
आजमगढ़ जिले के गोसाईपुर गांव में बुधवार को एक मकान पर आकाशीय बिजली गिरने के चलते जहां मकान धराशायी हो गया वहीं उसमें बैठे दर्जनभर लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उनका उपचार चल रहा है।
आजमगढ़ के महाराजगंज क्षेत्र में बुधवार को आकाशीय बिजली गिरने से एक मकान धराशायी हो गया। मकान में दब कर दर्जन भर लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है। घटना के बाद स्थानीय लोग तत्काल मौके पर पहुंचे और मकान के मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाले जिससे कई लोगों की जान बच गई। मामले को संज्ञान में लेते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों की मदद करने तथा घायलों का समुचित उपचार कराने के लिए निर्देश दिया है।

समूह में पैसा जमा करने के लिए जुटे थे लोग
बताया जा रहा है कि महाराजगंज इलाके के गोसाईपुर गांव के रहने वाले अभिषेक और राजन नामक दो लोग समसत्ता नामक एक समूह चलाते हैं। समूह से महाराजंगज के काफी संख्या में लोग जुड़े हुए हैं। बुधवार को समूह में पैसा जमा करने के लिए समूह से जुड़ी महिलाएं प्रिया नामक एक महिला के मकान में एकत्र हुई थीं। महिलाओं का पैसा जमा हो गया था उसके बाद सभी लोग अपने-अपने घर जाने वाली थी, उसी समय काफी तेज बरसात होने लगी और महिलाएं उसी मकान में रुकी रह गई।
बिजली गिरते ही भरभरा कर गिर गया टीनशेड
जिस मकान में सभी लोग रुके हुए थे उस मकान की दीवाल मिट्टी से जोड़ी गई थी। ग्रामीणों ने बताया कि टीनशेड पर आकाशीय बिजली गिरने के बाद तेज आवाज के साथ वह मकान गिर गया। मकान गिरने के चलते 48 वर्षीय चंपा, 36 वर्षीय उर्मिला, 45 वर्षीय इंद्रावती, 42 वर्षीय प्रतिभा, 32 वर्षीय सुमन, 35 वर्षीय कुंती, 30 वर्षीय प्रिया, 50 वर्षीय अनरथी, 35 वर्षीय धर्मेंद्र, 4 वर्षीय गोलू, 35 वर्षीय अनिल आदि लोग दब गए। वहीं कुछ लोग किनारे मौजूद थे, जिसके चलते वे बाहर भागकर अपनी जान बचाए। शोर सुनने के बाद आस-पास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को मलबे से बाहर निकालकर अस्पताल में भर्ती कराए।
सूचना मिलते ही नायब तहसीलदार पहुंचे मौके पर
घटना के बारे में जानकारी मिलने के बाद सगड़ी तहसील के नायब तहसीलदार विनय प्रभाकर और थाना प्रभारी कमल कांत वर्मा भी मौके पर पहुंचे और घायलों और क्षति के बारे में जानकारी लिए। इसके अलावान महाराजगंज में उपचार करा रहे घायलों से मिलकर और चिकित्सकों से उनके उपचार के बारे में नायब तहसीलदार द्वारा जानकारी ली गई। अधिकारियों ने बताया कि घायलों का उपचार चल रहा है, सभी लोग खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications