हेमंत कटारे पर यौन शोषण का आरोप लगाने वाली छात्रा ने की आत्महत्या, दरोगा से होने वाली थी शादी
आजमगढ़। मध्य प्रदेश की अटेर विधानसभा क्षेत्र से पूर्व कांग्रेस विधायक हेमंत कटारे पर यौन शोषण का आरोप लगाने वाली छात्रा ने यूपी के आजमगढ़ में जहर खाकर जान दे दी है। आत्महत्या की वजह दहेज प्रताड़ना बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, छात्रा की इसी महीने झांसी में तैनात सब इंस्पेक्टर बॉबी से शादी होने वाली थी। छात्रा के परिजनों ने बॉबी और उसके परिजनों पर दहेज प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

61 लाख लेने के बावजूद मकान के मांग रहा था रुपए
बताया जा रहा है कि सब इंस्पेक्टर बॉबी ने शादी के लिए छात्रा के परिवार से 61 लाख रुपए ले चुका था। गुरुवार की उसने मकान खरीदने के लिए अलग से रुपयों की मांग की। इसी बात को लेकर छात्रा और बॉबी में विवाद हो गया। ये विवाद इतना बढ़ गया कि छात्रा ने जहर खाकर अपनी जान दे दी। पीड़ित परिजनों ने बॉबी और उसके परिजनों के खिलाफ दहेज प्रताड़ना आरोप लगाते हुए थाने में शिकायत दर्ज करवाई है। बताया जा रहा है कि पुलिस को सुसाइड नोट मिला है, जिसके आधार पर जांच की जा रही है।

क्या है हेमंत कटारे केस
पिछले साल अटेर से तत्कालीन कांग्रेस विधायक हेमंत कटारे ने क्राइम ब्रांच में हनीट्रैप का एक केस दर्ज कराया। उन्होंने बताया कि उनसे फोन पर 20 से 25 लाख रुपए की डिमांड की जा रही है। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए पत्रकारिता की छात्रा रही एक लड़की को गिरफ्तार कर जेल में डाल दिया था। छात्रा ने जेल से ही डीआईजी को लेटर लिखकर हेमंत कटारे पर रेप का आरोप लगाया। मामले ने तब और बढ़ गया जब सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल कर छात्रा ने हेमंत कटारे पर यौन शोषण के आरोप लगाए और दोंनों के बीच व्हॉट्सएप की चैटिंग सामने आई।

छात्रा ने खुद ही कटारे को दी थी क्लीन चिट
हालांकि, जेल से बाहर निकलकर छात्रा ने शपथ पत्र देकर ये कहा था कि ये पूरा मामला राजनीतिक है और कांग्रेस विधायक हेमंत कटारे के ऊपर उसने जो भी आरोप लगाए थे, वह गलत हैं। छात्रा ने मीडिया के सामने बीजेपी नेता अरविंद भदौरिया को घटना का मुख्य सूत्रधार बताया था। लड़की ने जो शपथ-पत्र दिया था उसकी जांच की रिपोर्ट अभी तक नहीं आई थी। अब लड़की के आत्महत्या की खबर के आने के बाद फिर ये मामला तूल पकड़ सकता है।












Click it and Unblock the Notifications