Azamgarh Chunav Result: मतगणना से पहले लालगंज सपा प्रत्याशी पर वीडियो बनाकर अफवाह फैलाने का आरोप, केस दर्ज
Azamgarh Election Result 2024: लोकसभा चुनाव 2024 के दौरान मतदान संपन्न होने के बाद मंगलवार को मतगणना होगी। मतगणना से पहले आजमगढ़ जिले की लालगंज लोकसभा सीट से समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी दरोगा सरोज का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है।
वायरल वीडियो में समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी दरोगा सरोज द्वारा पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं से बड़ी संख्या में मतगणना स्थल पर पहुंचने की अपील की जा रही है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो पुलिस हरकत में आई।

मामले में पुलिस द्वारा दरोगा सरोज के खिलाफ धारा 144 का उल्लंघन करने और अफवाह फैलाने के आरोप में आजमगढ़ के जहानागंज थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मुकदमा दर्ज करने के बाद पुलिस द्वारा मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी गई है।
इस बारे में एसपी सिटी शैलेंद्र लाल द्वारा बताया गया कि लालगंज प्रत्याशी दरोगा सरोज का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। उन्होंने यह भी कहा कि दरोगा सरोज का यह वीडियो दंडनीय अपराध की श्रेणी में आता है। ऐसे में उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रत्याशी का वीडियो वायरल होने के बाद उनके खिलाफ मामला दर्ज करने के अलावा ऐसे लोगों को भी चिन्हित किया जा रहा है जो लोग मतगणना प्रक्रिया के दौरान व्यवधान उत्पन्न करने का प्रयास कर सकते हैं। ऐसे सभी लोगों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
एसपी सिटी ने यह भी बताया कि जिले में धारा 144 लागू है। यदि किसी शख्स द्वारा अराजकता फैलाई गई या फिर किसी तरह का अफवाह से भरा वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया गया तो उसके खिलाफ सख्ती से निपटा जाएगा और मुकदमा दर्ज करते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
आजमगढ़ जनपद की लालगंज लोकसभा सीट सुरक्षित है। ऐसे में इस लोकसभा सीट से समाजवादी पार्टी द्वारा जहां दरोगा सरोज को टिकट दिया गया है वहीं इस सीट पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा नीलम सोनकर को चुनाव मैदान में उतारा गया है। बताया जा रहा है कि इस लोकसभा सीट पर भी दोनों प्रत्याशियों के बीच मुकाबला काफी दिलचस्प है।












Click it and Unblock the Notifications