निरहुआ ने आजमगढ़ वासियों को बताया 'मनबढ़', वीडियो वायरल होने पर बौखलाए लोग, एसपी से की शिकायत
आजमगढ़ के सांसद दिनेश लाल यादव निरहुआ का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, वायरल वीडियो में निरहुआ आजमगढ़ वासियों को मनबढ़ कह रहे हैं।
आजमगढ़ से भाजपा के सांसद दिनेश लाल यादव 'निरहुआ' का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। वीडियो वायरल होने के बाद रिहाई मंच के राजीव यादव द्वारा पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर निरहुआ के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की गई है। शिकायती पत्र में राजीव यादव द्वारा कहा गया है कि सांसद निरहुआ द्वारा आजमगढ़ वासियों का अपमान किया गया है। ऐसे में हेट स्पीच को संज्ञान में लेते हुए सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाए।

मनबढ़ लोगों चलते आजमगढ़ का नहीं हुआ विकास
पुलिस अधीक्षक को दिए गए शिकायती पत्र में आरोप लगाया गया है कि शनिवार को मुबारकपुर विधानसभा के रासेपुर इलाके में भाजपा सांसद दिनेश लाल यादव निरहुआ एक सभा को संबोधित कर रहे थे। सभा को संबोधित करते हुए दिनेश लाल यादव द्वारा कहा गया कि ' आजमगढ़ के पिछड़ेपन के पीछे का एक मात्र कारण है यहां के लोगों की मनबढ़ई है। आजमगढ़ को आगे बढ़ाना है तो यहां के लोगों की मनबढ़ई को खत्म करना पड़ेगा। मनबढ़ई खत्म करने के लिए मनबढ़ को भीतर या ऊपर, ज्यादा मनबढ़ है तो उसका ठेगुना पंचर। मार के ठेगुना तोड़ दा।

आजमगढ़ की जनता का अपमान करने का आरोप
राजीव यादव द्वारा आरोप लगाया गया कि आजमगढ़ के लोगों ने ही दिनेश लाल यादव निरहुआ को आजमगढ़ का सांसद बनाया। आजमगढ़ का सांसद बनने के तीन महीने बाद ही दिनेश लाल यादव निरहुआ द्वारा इस तरीके का बयान दिए जाने से आजमगढ़ के जनता का अपमान हुआ है। उन्होंने यह भी कहा कि इस तरह की बयानबाजी आजमगढ़ की पहचान और अस्मिता पर हमला है। यह हमला आजमगढ़ के लोग कतई बर्दाश्त नहीं करेंगे। राजीव द्वारा यह भी कहा गया कि दिनेश लाल यादव निरहुआ गाजीपुर से आजमगढ़ आकर खुद मनबढ़ई कर रहे हैं।

शूटिंग, मीटिंग और ईटिंग अब यहां नहीं होगी
राजीव यादव ने यहां तक कह दिया कि गाजीपुर से आने के बाद आजमगढ़ में इस तरह की बयानबाजी देने वाले दिनेश लाल यादव निरहुआ की शूटिंग, मीटिंग और ईटिंग आजमगढ़ में नहीं होगी। उन्होंने यह भी कहा कि दिनेश लाल यादव जिस तरीके से उटपटांग बयान दिए हैं। यह बहुत गलत है, यह गाजीपुर की धरती नहीं है यह आजमगढ़ है और आजमगढ़ वासियों का इस तरीके से अपमान किया जाना हम बर्दाश्त नहीं करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications