UP: फ्लाइट में हुई मुलाकात, फिर भेजने लगा गंदे मैसेज, बेंगलुरु की महिला ने आजमगढ़ के युवक पर दर्ज कराया केस
UP Azamgarh News: बेंगलुरु की रहने वाली एक महिला द्वारा आजमगढ़ के जीयनपुर थाने में आजमगढ़ के रहने वाले एक युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। महिला का आरोप है कि आजमगढ़ का रहने वाला सरफराज नामक युवक महिला पर धर्म परिवर्तन का दबाव बना रहा था।
महिला द्वारा दिए गए शिकायती पत्र के आधार पर जीयनपुर कोतवाली पुलिस आरोपी के खिलाफ आईपीसी की धारा 354 और 506 के अलावा धर्म परिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम की धारा में भी मुकदमा पंजीकृत किया है। मुकदमा पंजीकृत करने के बाद आरोपी सरफराज को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।

दरअसल, बेंगलुरु की रहने वाली एक महिला का आरोप है कि उसके पति सऊदी अरब में नौकरी करते थे। 2 साल पहले वह अपने पति से मुलाकात करने के लिए फ्लाइट से सऊदी अरब के रियाद जा रही थी। जाते समय फ्लाइट में उसकी मुलाकात सरफराज नामक युवक से हुई।
सरफराज बातचीत करने लगा और इस बीच दोनों के मोबाइल नंबर का आदान-प्रदान हुआ। मोबाइल नंबर का आदान-प्रदान हो जाने के बाद सरफराज महिला को व्हाट्सएप पर मैसेज करता रहता था और व्हाट्सएप चैटिंग तथा फोन काल का दौर 2 साल तक चलता रहा।
महिला का आरोप है कि 2 साल बीत जाने के बाद अब सरफराज न्यूड वीडियो कॉल करता है और महिला को भी न्यूड होने के लिए कहता है। उसने यह भी आरोप लगाया है कि सरफराज धर्म परिवर्तन करने का दबाव बना रहा है तथा जान से मारने की धमकी भी दे रहा है।
महिला ने बताया कि पहले उसने अपना लोकेशन मऊ बताया। परेशान होकर महिला जब इस बारे में पुलिस से शिकायत की तो पता चला कि उसका घर आजमगढ़ में है। उसके बाद महिला बेंगलुरु से आजमगढ़ चली आई और आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराई।
मुकदमा दर्ज करने के बाद मोबाइल नंबर सर्विलांस करते हुए पुलिस ने तत्काल आरोपी सरफराज को गिरफ्तार कर लिया। सरफराज से पुलिस टीम द्वारा पूछताछ की जा रही है। वही इस मामले को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चा चल रही है।












Click it and Unblock the Notifications