Amroha: खौफनाक साजिश; बहू के माथे पर तमंचा सटाकर सास ने मारी गोली; वजह हैरान कर देगी
सास-बहू की कहानियां लगभग हर घर में एक जैसी होती हैं। इनके बीच नोकझोंक आम बात है। लेकिन क्या यही नोकझोंक किसी की जान की दुश्मन भी बन जाती है? जी हाँ, ऐसा ही एक सनसनीखेज मामला सामने आया है यूपी के जनपद अमरोहा से, जहां एक महिला ने अपनी बहू की गोली मारकर हत्या कर दी। हत्या के बाद उसने इस घटना को लूट या डकैती की शक्ल देने की कोशिश भी की, लेकिन पुलिस ने हत्या के दो दिन बाद ही मामले का खुलासा करते हुए आरोपी सास, पति और ससुर को गिरफ्तार कर लिया।
25 जून को हुआ था हत्याकांड
बता दें कि रविवार यानी 25 जून को गजरौला कस्बे के मुहल्ला गंगानगर में 28 वर्षीय नव विवाहिता कोमल की गोली मारकर हत्या की गई थी। इस घटना को लूट के बाद हत्या करने की बात दर्शाने के लिए घर का सामान भी बिखेर दिया गया था। पुलिस ने कोमल की मां गीता देवी की तरफ से दहेज हत्या में पति अमित, ससुर नरेंद्र व सास राधिका के खिलाफ प्राथमिकी भी दर्ज कर ली थी। भले ही प्राथमिकी दर्ज हो गई हो, लेकिन पुलिस इस प्रकरण की तह तक पहुंचने में जुटी गई।

शव बिस्तर पर पड़ा था, सामान बिखरा हुआ था
पुलिस की छानबीन की शुरुवात मौका-ऐ-वारदात से होती है। जब पुलिस घटना की सूचना पर घटनास्थल पहुँचती है तो कोमल का शव बिस्तर पर लहूलुहान मिलता है। जिसके बाद एसपी, फोरेंसिक टीम, एसओजी और सर्विलांस टीम भी मौके पर पहुँचती है। जांच पड़ताल में पता चलता है कि घर का सारा सामान बिखरा हुआ है, अलमारी और लॉकर खुले हैं। जिसके बाद पुलिस मौके से साक्ष्य इखट्टे कर ससुराल और मायके पक्ष के बयान दर्ज कर लेती है।
परजनों ने कहा: 'डकैती हुई है'
पुलिस को दिए गए बयान में ससुराल वाले पुलिस को बताते है कि डकैती हुई है। छत के रास्ते से घर में घुसे बदमाशों ने कोमल की हत्या की है। साथ ही कीमती सामान लूट कर फरार हो गए हैं। कोमल के ससुराल वाले पुलिस को यह भी बताते हैं कि घटना के वक्त ससुर नरेंद्र सिंह दुकान गए थे। जबकि सास राधिका बाजार गई थी। कोमल का पति अमित अपनी दादी को लेकर गांव गया था। घर पर सिर्फ अमित की पत्नी कोमल थी।

सास ने रोने का नाटक कर अपनी तबीयत खराब कर ली
कोमल के ससुर का कहना था कि वारदात की उन्हें जैसे ही सूचना मिली, वो आनन-फानन में मौके पर पहुंचे और कोमल को गजरौला CHC ले गए। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। कोमल के सिर में गोली लगी थी। यही नहीं, सास राधिका ने पुलिस के सामने रोने का नाटक कर अपनी तबीयत खराब कर ली। आलम ये था कि सास को भी अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। उसने पुलिस से कहा कि अगर वो बाजार न जाती, तो शायद उसकी बहू की हत्या न होती।
ससुर ने पुलिस को सुनाई ये कहानी
इसके बाद ससुर नरेंद्र सिंह ने पुलिस से कहा कि हर दिन की तरह उस दिन भी मैं अपनी दुकान पर गया था। पत्नी राधिका ने मुझे फोन करके बताया कि बहू के माथे पर गोली लगी है। इसके बाद मैं भाग कर घर आ गया। वहीं, पति अमित ने पुलिस को बताया कि वो अपनी दादी को लेकर गांव गया था, मां ने ही फोन कर सूचना दी कि कोमल को किसी ने मार दिया है। वह भी तुरंत गाँव से भागा-भागा वहां पहुंच गया।
मायके वालों ने लगाया दहेज़ का आरोप
उधर कोमल की हत्या के बाद उसके मायके वालों ने ससुराल वालों पर दहेज प्रताड़ना का आरोप लगाया। कोमल का मायका नौगांवा सादात थाना क्षेत्र के खंडशाल कला गांव था। कोमल की मां गीता चौधरी ने बताया कि उन्होंने अपनी इकलौती बेटी कोमल की शादी 23 नवंबर 2021 को नरेंद्र सिंह के बेटे अमित से की थी। शादी में काफी दहेज दिया था। उनकी बेटी पढ़ाई में काफी होशियार थी। यही वजह थी कि वह आईलेट्स करने के बाद अब विदेश (कनाडा) जाने की तैयारी में थी।
'उन्हीं ने मेरी बेटी को मारा है': कोमल की माँ
गीता चौधरी ने कोमल की ससुराल पर आरोप लगाते हुए यह भी बताया था कि कोमल का पति और उसकी सास अक्सर फोन कर बेटी को घर ले जाने की बात करती थी। वो लोग उसे बहुत परेशान कर रहे थे। उन्हीं ने मेरी बेटी को मारा है और लूट की झूठी कहानी सुना रहे हैं। साथ ही कोमल की माँ ने उसके सास-ससुर और पति को बेटी की हत्या के आरोप में नामजद करते हुए एफआईआर दर्ज करवा दी।
CCTV फुटेज ने खोल दिया राज
वहीं पुलिस ने जब घर की जांच पड़ताल की, तब गोदाम में लगे CCTV से बड़ा खुलासा हुआ। इसमें सास राधिका तमंचा ले जाते हुए दिखाई दी। फुटेज में वह हड़बड़ी में दिख रही थी। CCTV फुटेज मिलने के बाद पुलिस के शक की सुई कोमल के ससुराल वालों की तरफ मुड़ गई। इसके बाद पुलिस ने कड़ी से कड़ी जोड़ना शुरू कर दिया। उनके द्वारा दिए गए बयानों को क्रास चेक कराया और शक पुख्ता होने पर अस्पताल में भर्ती सास राधिका को पुलिस ने कस्टडी में ले लिया।
माथे पर तमंचा सटाकर गोली मारी
पुलिस की पूछताछ में आरोपी सास राधिका अपने पहले वाले बयान पर ही कायम रही, लेकिन जब उससे कड़ाई से पूछताछ की गई और उसे CCTV फुटेज दिखाया गया तो उसने पूरी सच्चाई बता दी। उसने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि घटना वाले दिन उसने अपने बेटे अमित को दादी के साथ गांव भेज दिया था। पति नरेंद्र दुकान में थे। राधिका मौके की तलाश में थी। जैसे ही कोमल की आँख लगी, राधिका उसके कमरे में गई और माथे पर तमंचा सटाकर गोली चला दी। कोमल की मौके पर ही मौत हो गई।
तमंचा घर में बने शौचालय के गटर में फेंका
राधिका ने पुलिस को दिए गए बयानों में बताया कि कोमल को गोली मारने के बाद उसने तमंचा घर में बने शौचालय के गटर में फेंक दिया और वापस आकर घर का पूरा सामान बिखेर दिया, ताकि घटना को लूट का रूप दिया जा सके। इसके बाद उसने अपने पति और बेटे अमित को फोन कर इसकी जानकारी दी। फिर नाटक करने के लिए वो लोग मिलकर कोमल को अस्पताल ले गए।
पुलिस को गुमराह करने के लिए किया भरपूर नाटक
आपको बता दें कि राधिका ने इस हत्याकांड को अंजाम देने के बाद पुलिस और लोगों को गुमराह करने के लिए भरपूर नाटक किया। उसने आस-पास के दुकानदारों और मोहल्ले वालों को चिल्ला-चिल्लाकर इखट्टा किया और घर पर बुलाकर घर में चोरी होने की घटना दिखाते हुए खुद बेहोश होने का नाटक करने लगी। ये सब उसने इसलिए किया ताकि उससे कोई पूछताछ न कर सके।
कोई काम नहीं करती थी बहू, इसलिए मारा
वहीं पुलिस ने जब राधिका से हत्या की वजह पूछी तो उसने चौकाने वाले खुलासे किये। उसने बताया कि "कोमल हर समय पढ़ती रहती थी, कोई काम नहीं करती थी। मेरे बेटे को खुद ही चाय बनानी पड़ती थी। ऊपर से वो मेरे बेटे को लेकर अलग रहना चाहती थी। उसका यह व्यवहार मुझसे बर्दाश्त नहीं होता था। इसलिए मैंने उसे रास्ते से हटाने का प्लान बनाया। इसके लिए उसने कुछ दिन पहले एक आदमी से 10 हजार रुपए का देसी तमंचा भी खरीदा था।

न्यूजीलैंड भेजकर बेटे की दूसरी शादी कराना चाहते थे परिजन
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी अनुसार कोमल के ससुराल वालों का बहु से बेटे अमिता का पीछा छुड़ाकर अमित की न्यूजीलैंड भेजने की तयारी थी। वो उसकी वहां दूसरी शादी कराना चाहते थे। दरअसल, नरेंद्र सिंह का बड़ा बेटा अरुण पिछले 8 साल से न्यूजीलैंड में है। उसकी पत्नी अंकुर भी उसके साथ वहीं रहती है। वहां बड़े बेटे की कारों की वर्कशॉप है। वह छोटे भाई अमित को भी वहीं शिफ्ट करना चाहता था। इधर कोमल को लेकर घर में आए दिन झगड़ा भी होता रहता था।
तमंचा बरामद, भेजा गया जेल
SP आदित्य लांग्हे ने जानकारी देते हुए बताया कि ''राधिका की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल 315 बोर का अवैध तमंचा और एक खोखा कारतूस 315 बोर घर में बने शौचालय के गटर से बरामद कर लिया है। आरोपी सास, ससुर और पति को अरेस्ट कर लिया गया है। तीनों पर दहेज और हत्या का केस दर्ज किया गया है। इनकी पेशी कोर्ट में करा दी गई है। साथ ही इन्हे जेल भेजा जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications