'अपराधी बेखौफ हैं', अमेठी हत्याकांड पर क्या बोले सांसद केएल शर्मा? सरकारी शिक्षक भी नाराज
उत्तर प्रदेश के अमेठी जनपद में बदमाशों द्वारा सरकारी स्कूल के अध्यापक और उसकी पत्नी तथा दो बच्चों को गोली मार कर निर्ममता पूर्वक हत्या किए जाने के मामले में अमेठी सांसद किशोरी लाल शर्मा द्वारा भी सोशल साइट X पर मैसेज पोस्ट करते हुए नाराजगी जाहिर की गई है।
उन्होंने लिखा है कि उत्तर प्रदेश में अपराधी बेखौफ हैं। साथ ही उन्होंने यह भी लिखा है कि पुलिस प्रशासन तत्काल अपराधियों को गिरफ्तार करके उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दिलाए। इधर राहुल गांधी का कहना है कि यदि पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिला तो वह खुद अमेठी आएंगे।

वहीं इस मामले को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा घटना में शामिल अपराधियों को पकड़ते हुए उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा इस घटना पर निंदा व्यक्त की गई है और दोषियों पर कार्रवाई का आश्वासन भी दिया गया है।
घटना को लेकर सरकारी अध्यापकों में भी नाराजगी
दरअसल, मूल रूप से रायबरेली जनपद के गदागंज थाना क्षेत्र के सुदामापुर गांव के रहने वाले 35 वर्षीय सुनील कुमार अमेठी के तिलोई तहसील क्षेत्र के पन्हौना गांव में स्थित कंपोजिट विद्यालय में सरकारी अध्यापक के पद पर तैनात थे।
अध्यापक सुनील कुमार अपनी पत्नी पूनम भारती और 6 साल की बेटी सृष्टि वह 2 साल की बेटी लाडो के साथ अमेठी जनपद के शिवरतनगंज थाना क्षेत्र के अहोरवा भवानी कस्बे में किराए पर मकान लेकर रहते थे। गुरुवार देर शाम अज्ञात बदमाशों द्वारा उन्हें और उनकी पत्नी तथा बच्चों की गोली मारकर हत्या कर दी गई।
घटना की जानकारी मिलने के बाद सरकारी अध्यापकों और अध्यापक संगठनों के लोगों द्वारा इस मामले को लेकर नाराजगी प्रकट की जा रही है। सरकारी अध्यापकों का कहना है कि इस मामले में दोषियों को गिरफ्तार करते हुए उनके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।
अधिकारियों ने भी मौके पर पहुंचकर की पूछताछ
सरकारी अध्यापक और उसके परिवार की हत्या किए जाने के मामले की जानकारी मिलने के बाद आईजी प्रवीण कुमार और जिलाधिकारी निशा अनंत तथा पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह भी रात में घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों द्वारा पड़ोस में रहने वाले लोगों से भी पूछताछ की गई।
प्रथम दृष्टया यह आशंका जताई जा रही है कि पुरानी रंजिश के चलते शिक्षक और उसकी पत्नी तथा दोनों बच्चों की हत्या की गई है। कुछ लोगों का यह भी कहना है कि प्रेम प्रसंग के चलते हत्या हुई है। फिलहाल पुलिस द्वारा पूरे मामले की जांच पड़ताल की जा रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।












Click it and Unblock the Notifications