कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी का बीजेपी पर बड़ा हमला, कहा- मसूद अजहर BJP का पाप है
Amethi news, अमेठी। जैश-ए-मोहम्मद का सरगना आतंकी मसूद अजहर भले ही वैश्विक आतंकी की टोली में पहुंच गया हो, लेकिन देश में उस पर सियासत तेज हो गई है। बीजेपी जहां इसे प्रधानमंत्री की उपलब्धि मान रही है वहीं कांग्रेस मसूद को लेकर बीजेपी पर ही हमलावर हो गई है। गुरुवार को अमेठी पहुंचे कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य प्रमोद तिवारी ने मसूद को लेकर बीजेपी पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

'भाजपा का मसूद अजहर पाप है'
कांग्रेसी नेता व राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी ने बड़ा बयान देते हुए कहा कि ये वही मसूद अजहर जिसे कांग्रेस पार्टी ने जेल में बंद किया था और भारतीय जनता पार्टी ने उसे कश्मीर के जेल से छोड़ कर कंधार पहुंचाया था। प्रमोद तिवारी ने सवालिया निशान उठाते हुए कहा कि तत्कालीन सरकार ने इसे छोड़कर कंधार नहीं पहुंचाया होता तो आतंकवाद होता कैसे? ये भाजपा का मसूद अजहर पाप है, जिसको हम सब ने बंद किया, उसको छोड़ा इन्होंने और छोड़ा ही नहीं सम्मान के साथ इसे कंधार पहुंचाया। ढेर सारा रुपया पैसा दिया और ये जो आज आतंकवाद हो रहा है ये भाजपा की कमजोरी और लापरवाही की वजह से है।

वैश्विक आतंकवादी घोषित किया गया मसूद अजहर
बता दें, संयुक्त राष्ट्र ने आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के सरगना मसूद अजहर को 'वैश्विक आतंकवादी' घोषित कर दिया है। वैश्विक स्तर पर भारत के लिए यह एक बड़ी कूटनीतिक जीत मानी जा रही है। 'वैश्विक आतंकवादी' घोषित किए जाने के बाद मसूद अजहर और उसको पनाह देने वाले पाकिस्तान को बड़ा झटका लगा है।

जब्त हो जाएगी मसूद अजहर की संपत्ति
संयुक्त राष्ट्र में इस प्रतिबंध के बाद मसूद अजहर की संपत्ति जब्त हो जाएगी और दूसरे देशों से हथियार भी नहीं ले सकेगा। इस फैसले के बाद जैश-ए-मोहम्मद की कमर टूट सकती है, क्योंकि उसे बाहर से फंड मिलना बंद हो जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications