शादी करने के लिए चार लड़कों के साथ घर से भागी लड़की हुई कन्फ्यूज, फिर पर्ची डालकर हुआ फैसला
अंबेडकर नगर। उत्तर प्रदेश के अंबेडकर नगर से एक ऐसी खबर सामने आई है, जिसे सुनकर आप भी हैरान हो जाएंगे। दरअसल, यहां एक लड़की किससे शादी करे इसे लेकर कन्फ्यूज हो गई और चार लड़कों के साथ भाग गई। तो वहीं, लड़की किससे शादी करे, इसके लिए पंचायत भी बैठी। पंचायत ने पर्ची डालकर लड़की की शादी का फैसला लिया। पर्ची में जिस लड़के का नाम निकला उससे शादी तय कर दी गई। तो वहीं, इस वाक्य की चर्चा पूरे जिले में हो रही है।

ये मामला टांडा कोतवाली के अजीमनगर थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, पांच दिन पहले लड़की इन चार लड़कों के साथ घर से भाग गई थी। लड़कों ने लड़की को दो दिन अपनी रिश्तेदारी में छिपाए रखा लेकिन उसके बाद पकड़े गए। लड़की के परिवारवाले लड़कों के खिलाफ मुकदमे की तैयारी करने लगे, इसी बीच मामला पंचायत में चला गया। पंचायत ने शादी करने का प्रस्ताव रख दिया। जब लड़की से पूछा गया तो वो यह तय नहीं कर पा रही थी कि आखिर वह किसे अपना पति बनाए।
लड़की का कन्फ्यूजन इतना बढ़ा कि बाकायदा पंचायत बैठी। फिर पर्ची डालकर फैसला किया गया। उधर, चारों लड़के भी उससे शादी करने तैयार नहीं थे। लेकिन पंचायत के कहने पर उन्हें पर्ची डालकर लिए गए फैसले को स्वीकार करना पड़ा। बताया जा रहा है कि पंचों ने तीन दिन तक बंद कमरे में इस समस्या पर मंत्रणा कर शादी के फैसले का यह तरीका निकाला।
बच्चे ने निकाली पर्ची
पंचायत के फैसले के बाद चारों लड़कों के नाम की पर्ची एक कटोरी में डाली गई। फिर एक छोटे बच्चे से इसमें से एक पर्ची उठाने को कहा गया। बच्ची के पर्ची निकालने के बाद यह मामला सुलझ गया। लड़की की शादी उस लड़के से तय हो गई जिसका नाम पर्ची में निकला था।











Click it and Unblock the Notifications