'मम्मी-पापा कहीं जा रहा हूं, 2 साल बाद लौट आऊंगा' मैसेज करके लापता हुआ 18 साल का बेटा
अम्बाला। "मम्मी-पापा मैं कहीं जा रहा हूं। मेरी चिंता मत करना। दो साल बाद लौट आऊंगा।" ऐसा मैसेज परिजनों को स्मार्टफोन पर मिला.. और उसके बाद सभी बेटे को खोजने में लग गए। मगर, बेटा नहीं मिला। थककर परिजनों ने पुलिस के समक्ष बेटे के लापता होने की शिकायत दर्ज करवाई। फिर पुलिस ने उसकी खोजबीन शुरू कर दी।

यह मामला है हरियाणा में अंबाला के सदर पुलिस थाना क्षेत्र का, जहां सरस्वती काॅलोनी सिंघावाला के एक परिवार का बेटा तनुज लापता हो गया। तनुज 18 साल का है, सदर पुलिस ने उसके परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज किया है। शिकायत के मुताबिक, सुबह 5 बजे सैर पर निकलने के बाद अपने माता-पिता के नाम 2 साल के बाद वापस आने का मैसेज भेजा। यह मैसेज उसने अपने भाई के मोबाइल पर भेजा। उसके भाई का नाम अनुज है। तनुज अनुज का छोटा भाई था। अनुज का कहना है कि, वह हर रोज सुबह 5 बजे सैर करने जाता है। आज सुबह भी वह सैर करने के लिए गया था, लेकिन वापस नहीं आया। उन्होंने सुबह करीब 7:30 बजे अपना मोबाइल देखा तो वाट्सएप पर मैसेज आया हुआ था। जिसमें लिखा था- ''मम्मी-पापा मैं कहीं जा रहा हूं। मेरी चिंता मत करना। दो साल बाद लौट आऊंगा।''

यह मैसेज देखने के बाद घरवालों ने तनुज की काफी तलाश की, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि, इस मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है। पता किया जा रहा है कि आखिर, 18 साल का तनुज कैसे लापता हो गया।












Click it and Unblock the Notifications