40 फीट गहरे बोरवले में फंसी 4 साल की बच्ची को 'अनोखे जुगाड़' से निकाला बाहर
Alwar News in Hindi, अलवर। थानागाजी गैंगरेप के बाद अब अलवर एक बार फिर चर्चा में है। इस बार गलत कामों के लिए नहीं बल्कि लोगों की सूझबूझ और पुलिस की तत्परता की वजह से अलवर ( Child in Borewell Alwar ) सुर्खियों में है। सबने मिलकर 4 साल की एक बच्ची की जिंदगी बचा ली। 40 फीट गहरे बोरवेल में फंसी इस बच्ची को अनोखे जुगाड़ से एक घंटे की मशक्कत के बाद बाहर निकाल लिया गया।

मामले के अनुसार हरियाणा के फिरोजपुर के पाटखोहरी निवासी जुनैद खान की बेटी चार वर्षीय बेटी सुमैया राजस्थान के अलवर जिले के नोगवा थाना इलाके के नीकच गांव में अपने नाना सत्तार खां के पास आई हुई थी। रविवार शाम को वह खेलते खेलते 40 फीट गहरे बोरवेल में गिर गई। सुमैया के बोरवेल में गिरने का पता लगने पर परिजनों समेत गांव के अनेक लोग मौके पर एकत्रित हो गए और उसे निकालने के प्रयास में जुट गए, मगर सफलता नहीं मिली। इस बीच सूचना पाकर नोगवा थानाधिकारी विजेन्द्र सिंह भी मय जाप्ता घटनास्थल पर आ गए।

रोती रही और नहीं पकड़ पाई रस्सी
पैर फिसलने के कारण बोरवले में गिरने के बाद सुमैया रोने लगी। उसके रोने की आवाज बाहर भी सुनाई दे रही थी। परिजनों ने रस्सी के जरिए उस तक खाने की चीजें पहुंचाई तब वह चुप हुई। फिर उसे रस्सी पकड़ने को कहा ताकि बाहर निकाला जा सके, लेकिन उसने रस्सी नहीं पकड़ी। ऐसे में मौके पर जेसीबी भी मंगवा ली गई और बोरवेल के पास खुदाई शुरू कर दी।

स्कूल बैग बना टोकरी
बोरवेल में फंसी बेटी को निकालने के लिए अलवर पुलिस ग्रामीणों के सहयोग से जुटी हुई थी। इसी दौरान थानाधिकारी विजेन्द्र सिंह ने एक स्कूल बैग मंगवाया और उसे नीचे फाड़कर देसी जुगाड़ की टोकरी बना ली। इसके बाद स्कूल बैग को बोरवेल में उतारा गया और सुमैया को उसमें बैठने को कहा तो वह उसमें बैठ और उसे सकुशल बाहर निकाल लिया गया। इस तरह जुगाड़ से 40 फीट के बोरवेल में से बच्ची को बाहर निकाल लेने का यह मामला खासा चर्चा में है।












Click it and Unblock the Notifications