Alwar : पूरा बहरोड़ थाना लाइन हाजिर, DSP-SHO निलंबित, गुंडों से यारी निभाने वाले 2 कांस्टेबल बर्खास्त
अलवर। राजस्थान के अलवर जिले के बहरोड़ पुलिस थाना से फरार हुए कुख्यात गैंगस्टर विक्रम उर्फ पपला गुर्जर व उसके साथियों का चौथे दिन मंगलवार को भी कोई सुराग नहीं लग पाया है। बहरोड़ पुलिस थाना प्रकरण में अब विभागीय जांच के बाद पूरे थाने पर गाज गिरी है। डीएसपी व थानाधिकारी समेत अन्य स्टाफ के खिलाफ कार्रवाई हुई। वहीं, 'खाकी' से गद्दारी और अपराधियों से यारी निभाने वाले दो कांस्टेबलों को भी नौकरी से हाथ धोना पड़ा है।

छह सितंबर को छुड़ा ले गए थे पपला गुर्जर को
बता दें कि छह सितम्बर 2019 की सुबह करीब नौ बजे हरियाणा की कुलदीप गैंग के एक दर्जन हथियारबंद बदमाशों ने बहरोड़ पुलिस थाने पर हमला कर दिया था और लॉकअप में बंद अपने साथी गैंगस्टर का विक्रम सिंह उर्फ पपला गुर्जर को छुड़ाकर ले गए थे। इस दौरान बदमाशों ने पुलिस थाने में एके47 से फिल्मी स्टाइल में फायर भी किए। बहरोड़ पुलिस ने रात को ही पपला गुर्जर को पकड़ा था।

डीजीपी ने जारी किए कार्रवाई के आदेश
पुलिस थाने के लॉकअप का ताला तोड़कर बदमाश को छुड़ा ले जाने के मामले में राजस्थान पुलिस की खासी किरकिरी हुई और मामले की उच्च स्तरीय विभागीय जांच शुरू करवाई गई। पुलिस ने जांच रिपोर्ट का खुलासा नहीं किया है, मगर रिपोर्ट के आधार पर राजस्थान डीजीपी भूपेंद्र यादव ने पपला गुर्जर फरारी प्रकरण में पूरे बहरोड़ पुलिस थाने की भूमिका संदिग्ध मानते हुए सभी स्टाफ को लाइन हाजिर कर दिया है।

किस पुलिसकर्मी पर क्या कार्रवाई
जानकारी के अनुसार बहरोड़ पुलिस थाने के लॉकअप में बंद कुख्यात गैंगस्टर पपला गुर्जर को साथियों द्वारा थाने में घुसकर छुड़ा ले जाने के मामले में बहरोड़ के पूर्व डीएसपी जनेश तंवर, एसएचओ सुगन सिंह, हैड कांस्टेबल सुनील व कांस्टेबल कृष्ण को निलंबित किया गया है।

ये दो कांस्टेबल सेवा से बर्खास्त
मामले में बहरोड़ के वर्तमान डीएसपी रामजीलाल को एपीओ किया गया है। इसके अलावा कांस्टेबल विजयपाल व रामवतार को पुलिस की नौकरी से ही हटा दिया गया है। इन पर अपराधियों के खिलाफ मुखबिरी करने समेत कई गंभीर आरोप लगे हैं।

69 का स्टाफ नया लगाया
राजस्थान डीजीपी ने बहरोड़ डीएसपी, थानाधिकारी व चार कांस्टेबलों के खिलाफ निलंबन और बर्खास्त किए जाने की कार्रवाई करने के अलावा बहरोड़ पुलिस थाने क्षेत्र के सभी 69 पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर किया है। इनके स्थान पर पूरा स्टाफ नया लगाया है।













Click it and Unblock the Notifications