प्रयागराज: कांग्रेस प्रत्याशी के लिए उर्मिला मातोंडकर और संजय दत्त 8 मई को करेंगे रोड शो
Prayagraj news, प्रयागराज। भाजपा की ओर से सनी देओल के रोड शो से बने माहौल की तोड़ कांग्रेस ने ढूंढ ली है। इलाहाबाद व फूलपुर लोकसभा में मतदाताओं को अपनी ओर रिझाने के लिये कांग्रेस भी अब बॉलीवुड स्टार का सहारा लेगी। स्टार के बदले स्टार वार में कांग्रेस के लिये 8 मई को उर्मिला मातोंडकर व संजय दत्त का रोड शो यहां होगा और उसके लिये रूट परमीशन के लिये प्रशासन से अनुमति मांगी गई है। जानकारी देते हुये कांग्रेस के जोनल प्रवक्ता जावेद उर्फी ने बताया कि संजय दत्त और उर्मिला मातोंडकर का रोड शो 8 मई को होगा। दोनों स्टार से डेट्स मिल गए हैं। यहां पर उनके रूट और परमीशन के लिये प्रशासन से अनुमति मांगी गई है। शाम तक रूट भी फाइनल कर दिया जायेगा।

संजय दत्त ने नहीं लड़ा चुनाव
गौरतलब है कि इलाहाबाद संसदीय सीट से संजय दत्त को चुनाव लड़ने के लिये कांग्रेस ने ऑफर दिया था। काफी हद तक बात भी आगे बढ़ गई थी और संजय के आधिकारिक ऐलान का इंतजार किया जा रहा था। लेकिन आखिरी समय में संजय दत्त ने कांग्रेस से चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया था। जिसके बाद अब संजय दत्त का यहां प्रचार करने आना, कांग्रेसियों में जान फूंकने का काम करेगा। फिलहाल यह तो साफ है कि दोनों सिने स्टार भीड़ जुटाने में सफल होंगे। हालांकि भीड़ को कितने वोटों में बदला जा सकेगा यह देखने वाला विषय होगा। वहीं, उर्मिला जहां कांग्रेस से चुनाव भी लड़ रही हैं, ऐसे में उनका भी बड़ा प्रभाव पड़ेगा।

इलाहाबाद, फूलपुर पर सबकी नजर
सियासी दलों की नजर इस समय इलाहाबाद व फूलपुर लोकसभा सीट पर टिकी है। यह दोनों वीआईपी सीट हर दल अपने खाते में डालकर पूर्वांचल का किंग बनना चाह रहा है। हालांकि यहां अब किसी की भी राह आसान नहीं है। एक ओर सपा बसपा गठबंधन की ओर से खुद अखिलेश और मायावती ताबड़तोड़ जनसभा कर माहौल बनाने में जुटे हुए हैं। तो वहीं, दूसरी ओर भाजपा के दिग्गज नेताओं का हर दिन जनसभाओं का कार्यक्रम चल रहा है। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह से लेकर सीएम योगी तक ने अपनी पूरी ताकत लगा रहे हैं। वहीं, अब कांग्रेस ने भी इलाहाबाद व फूलपुर के लिये अपने पक्ष में माहौल बनाने के लिये बॉलीवुड का तड़का देना शुरू कर दिया है। 8 मई को संजय दत्त व उर्मिला मातोंडकर यहां पर रोड शो कर कांग्रेस प्रत्याशियों के लिए वोट मांगेगे।

सनी देओल के जुलूस का रूट बदलने पर दर्ज हुई FIR
सनी देओल (Sunny Deol) का इलाहाबाद व फूलपुर लोकसभा सीट के लिए हुया रोड शो विवादों के साथ कानूनी प्रक्रिया में फंस गया है। रोड शो के दौरान रूट बदलने पर भाजपा नेता व आयोजक के विरूद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है और आचार संहिता उल्लंघन की धाराओं में अब कार्रवाई की जा रही है। दरअसल सनी देओल का रोड शो पहले तो कैंसिल हो गया था और बाद जब-जब रोड शो कराया गया तो निर्धारित रूट के बजाय रास्ते में रूट को बदल दिया गया। जिस पर शहर दक्षिणी फ्लाइंग स्क्वॉड टीम प्रभारी की ओर से मुकदमा दर्ज कराया गया है।












Click it and Unblock the Notifications