यूपीपीएससी बना 'चिलम' आयोग, बोर्ड पर लिखकर बदल दिया नाम, 3 गिरफ्तार
Prayagraj news, प्रयागराज। उत्तर प्रदेश लोकसेवा आयोग के प्रयागराज स्थित मुख्यालय के गेट पर कुछ लोागें ने गुरुवार की रात अपशब्द लिख दिया। बोर्ड पर 'लोक' शब्द को हटाकर 'चिलम' शब्द लिख दिया गया है। जिससे एक नया विवाद आयोग से जुड़ गया है। मामले में अपशब्द लिखने व माहौल बिगाड़ने के आरोप में समाजवादी युवजन सभा के तीन नेताओं को गिरफ्तार कर लिया गया है। इन नेताओं को छुड़ाने के लिए रात में छात्रों ने प्रदर्शन भी किया, जिसके कारण इनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई नहीं की गई है। हालांकि इस मामले में पुलिस कार्रवाई करने के मूड में है, अधिकारियों को घटना की जानकारी दी गई है।

क्या है मामला
गुरुवार को लोकसेवा आयोग में एसटीएफ की कार्रवाई के बाद छात्रों ने जबरजस्त प्रदर्शन कर पुतला फूंका था और आंदोलन की सुगबुगाहट शुरू हो गई थी। देर रात आयोग के बाहर छात्रों की भारी भीड़ जुटी और माहौल का जायजा लोग लेते रहे। वहीं, देर रात कुछ लोगों ने गेट नंबर पांच पर अराजकता शुरू कर दी और आयोग के बोर्ड से 'लोक' शब्द को मिटाकर वहां 'चिलम' शब्द लिख दिया। जिससे अब बोर्ड का नाम यूपी चिलम आयोग लिखा हुआ दिखाई पड़ रहा है। हालांकि इस घटना के बाद पुलिस ने समाजवादी छात्र सभा के जिलाध्यक्ष संदीप यादव,जिला सचिव अरुण यादव, महानगर सचिव राजेश यादव को गिरफ्तार कर लिया। इन तीनों पर ही अपशब्द लिखने का अरोप है। गिरफ्तारी के बाद इन तीनों को छुड़ाने के लिये छात्रों ने सिविल लाइंस थाने पर प्रदर्शन भी किया, जहां सिविल लाइंस इंस्पेक्टर राजेश चौरसिया के साथ छात्रों की नोकझोंक भी हुई।
बोर्ड के नाम पर अराजकता
यह कोई पहली बार नहीं है जब बोर्ड के माध्यम से अराजकता फैलाने की कोशिश की गयी है। 3 साल पहले ही इसी तरह की करतूत हुई थी। तब आयोग के गेट पर 'यादव आयोग' लिख दिया गया था। उसी क्रम में अब सीएम योगी के संत बैकग्राउंड पर कटाक्ष करते हुए 'चिलम' शब्द गहरे नीले रंग से लिखा गया है। जबकि बाकी शब्द पहले से लाल रंग में लिखे गये हैं। काफी उंचाई पर बोर्ड होने के कारण यह लोगों की नजर में तो आ रहा है, पुलिस ने भी इसे मिटाने की जहमत नहीं उठाई और अब यह बोर्ड सुर्खियां बटोर रहा है। फिलहाल इतनी उंचाई पर नाम लिखने के बाद पुलिस पर भी सवाल उठे हैं कि जब वहां हमेशा पुलिस तैनात रहती है तो ये अपशब्द लिखे कैसे गए?












Click it and Unblock the Notifications