यूपी में पहली बार 10वीं और 12वीं के स्टूडेंट्स देंगे प्री बोर्ड एग्जाम, बच्चों की तैयारियां जांचने के लिए यूपी बोर्ड ने लिया फैसला
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश में 2021 की बोर्ड परीक्षा में शामिल होने की तैयारी कर रहे 50 लाख से अधिक स्टूडेंट्स को अनिवार्य रूप से प्री बोर्ड एग्जाम देना होगा। दरअसल, ये फैसला कोरोना काल में ऑनलाइन पढ़ाई कर रहे बच्चों की तैयारियों को जानने के लिए लिया गया है। यह पहला मौका होगा जब बोर्ड एग्जाम से पहले स्टूडेंट्स प्री बोर्ड एग्जाम देंगे। बोर्ड ने शैक्षणिक पंचांग में फरवरी के तीसरे या चौथे सप्ताह में प्री बोर्ड एग्जाम कराने के निर्देश दिए हैं।

21 जनवरी तक पूरा करा दिया जाएगा 9वीं से 12वीं क्लास का सिलेबस
बोर्ड ने प्री बोर्ड एग्जाम के लिए अभी से तैयारियां भी शुरू कर दी हैं। 9वीं से 12वीं क्लास तक के स्टूडेंट्स का ऑनलाइन सिलेबस अगले साल 21 जनवरी तक हर हाल में पूरा करा दिया जाएगा। प्री बोर्ड एग्जाम अगले साल फरवरी महीने के तीसरे हफ्ते से कराए जाएंगे। प्री बोर्ड एग्जाम कराने का मकसद स्टूडेंट्स को बदले हुए सिलेबस के मुताबिक बोर्ड एग्जाम की तैयारी कराना है। बता दें, कोरोना के संक्रमण को देखते हुए सेलेबस को तीस फीसदी कम भी कर दिया गया है।
टीवी चैनलों पर वर्चुअल क्लासेस की व्यवस्था
इंटरनेट की उपलब्धता की कमी के कारण यूपी बोर्ड ने कक्षा 9वीं और 11वीं के लिए टीवी चैनलों के माध्यम से वर्चुअल क्लासेस की व्यवस्था भी की है। ये ऑनलाइन कक्षाएं हर दिन दो घंटे के लिए चलाई जा रही हैं। यूपी बोर्ड के सचिव दिव्यकांत शुक्ला ने कहा कि ऑनलाइन और वर्चुअल कक्षाओं की निगरानी की जिम्मेदारी सभी जोन के संयुक्त शिक्षा निदेशकों को दी गई है, वे हर हफ्ते अपनी रिपोर्ट बोर्ड को भेजेंगे।












Click it and Unblock the Notifications