प्रयागराज: गाजियाबाद से बाइक पर बिहार जा रहे 2 युवकों की मौत, पर्स में मिली आईडी से हुई पहचान
प्रयागराज। लॉकडाउन में काम-धंधा बंद हो गया है, जिसके चलते दूसरे राज्यों में फंसे प्रवासी मजदूरों का पलायन जारी है। ऐसे में आए दिन अपने घरों की ओर जा रहे लोगों के साथ दुर्घटनाओं की खबर आ रही है। ताजा मामला उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले से सामने आया है। यहां बाइक पर बिहार जा रहे दो युवकों की सड़क हादसे में मौत हो गई।

हादसा रविवार की सुबह प्रयागराज जिले के सरायइनायत थाना क्षेत्र के हनुमानगंज इलाके में हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने बताया कि राजीव राय (28) पुत्र पूरन राय निवासी गोरियर गुरुइया बिहार व अमरीश राय (30) पुत्र कनिका राय निवासी अभिरामपुर चौसा बिहार दोनों गाजियाबाद से बाइक चलाकर बिहार अपने घर जा रहे थे। हनुमानगंज बाजार में पहुंचे थे तभी सामने से आती हुई गैस के टैंकर से बाइक टकरा गई जिसकी वजह से दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। वहीं दूसरी बाइक पर साथ चल रहे दो लोगों की मदद से घटना की सूचना गाजियाबाद में रह रहे मृतकों के परिजनों को दी गई। बताया जाता है कि दोनों का परिवार भी गाजियाबाद में रहता है। लॉक डाउन की वजह से काम बंद चल रहा था जिसकी वजह दोनों अपने पैतृक गांव जा रहे थे।
एसएसपी सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज ने बताया कि दोनों युवक गाजियाबाद से बिहार अपने घर बाइक से जा रहे थे। उनकी जेब मे मिले मोबाइल और पर्स में मिली आईडी से उनकी पहचान हुई है। हादसे की खबर उनके घरवालों को खबर दे दी गई है।












Click it and Unblock the Notifications