टेंपो में सवारियों के वेश में थे चार दरिंदे, महिला बैठी तो उसे क्या मालूम था...
प्रयागराज/इलाहाबाद। प्रयागराज जिले में एक बार फिर से गैंगरेप की घटना सामने आयी है। इस बार चार युवकों ने एक गर्भवती महिला को अपनी हवस का शिकार बनाया है। आश्चर्य की बात यह है कि यह पूरा घटनाक्रम दिन दहाडे एक सूनसान सडक की खांई में हो रहा था। वहां से गुजर रहे राहगीर के शोर मचाने के बाद ग्रामीणों ने दौडाकर एक युवक को पकड़ लिया। जबकि उसके तीन साथी विक्रम से भागने में सफल रहे।

विक्रम में लेकर आए
पुलिस जांच से पता चला है कि विक्रम टेंपो में चार युवक पहले से ही सवार थे और जब एक युवती कहीं जाने के लिये विक्रम में आकर बैठी तो यह उसे लेकर नए यमुना पुल के पास अरैल बांध रोड की ओर ले गये। जहां महिला को पहले जबरन शराब पिलाई गयी और जब वह गहरे नशे में हो गयी तो उसके साथ गैंगरेप किया गया। महिला के बेहोश हो जाने के बाद भी युवक उसका शरीर नोंचते रहे। सड़क की खाई में महिला को कुछ युवकों से घिरा देखकर एक राहगीर ने शोर मचाया तो ग्रामीण मदद के लिये आये। हालांकि लोगों को आता देखकर नशे में रहे युवक भागने लगे और विक्रम से तीन लोग भाग निकले। हालांकि इस दौरान एक युवक पकड लिया गया और उसकी जमकर पिटाई के बाद पुलिस को सौंप दिया गया। वहीं, बेहोश महिला को पुलिस के आने के बाद अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

पकड़े गये युवक का पिता सरकारी कर्मचारी
घटना की जानकारी देते हुये एसपी यमुनापार दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि पूछताछ में युवक ने अपने साथियों का नाम बताया है। उनकी तलाश की जा रही है। युवक प्रयागराज के शिवकुटी तेलियरगंज में रहता है। उसके पिता सरकारी कर्मचारी हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार को आरोपी युवक व उसके साथी कटरा से सवारी बैठाने के लिये पहुंचे थे। चालक के अलावा सवारी के तौर पर तीन युवक पीछे बैठ गये, जिससे किसी को कोई शक ना हो। इस दौरान एक महिला के विक्रम में बैठते ही अरैली बांध की ओर यह विक्रम ले कर निकले और रास्ते में रूट बदल कर चलने की बात कहकर महिला को झांसे में ले लिया। और जब तक युवती समझ पाती उसे दबोच लिया गया। पहले उसे पीटकर जबरन शराब पिलाई गयी और फिर सड़क के नीचे खाई में उसके साथ हैवानियत की गयी।

महिला की हालत बिगड़ी
अस्पताल में भर्ती युवती की हालत फिलहाल काफी खराब है। गर्भवती होने के साथ ही बेरहमी से शिकार बनायी गयी। महिला बार-बार बेहोश हो जाती रही। अभी उसने कोई बयान नहीं दिया है, जिसके कारण उसके परिजनों को सूचना नहीं भेजी जा सकी। वहीं, पुलिस ने आ पास के सभी थानों से भी सूचना एकत्रित की है और किसी भी महिला के लापता होने की सूचना को तत्काल कंट्रोल रूम से साझा करने को कहा गया है। महिला कौन है ? अभी इसकी पहचान नहीं हो सकी है। मामले में पुलिस का कहना है कि महिला के बयान देने की स्थिति में आने के बाद ही सबकुछ स्पष्ट हो सकेगा।
इलाहाबाद लोकसभा सीट के बारे में विस्तार से जानिए












Click it and Unblock the Notifications