प्रयागराज के 'घर-वाले' महाकुंभ में कमा सकते हैं खूब पैसा, पर्यटन विभाग दे रहा है ये मौका
Earn a lot of money in MahaKumbh 2025: प्रयागराज में होने वाले महाकुंभ की तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। इस बीच अगर आप भी प्रयागराज के निवासी हैं और आपका खुद का मकान है तो पर्यटन विभाग की ओर से एक ऐसी योजना चलाई जा रही है जिसके जरिए आप भी अच्छी कमाई कर सकते हैं।
दरअसल, इस महाकुंभ में प्रयागराज में लाखों श्रद्धालु आएंगे। ऐसे में प्रयागराज के पेइंग गेस्ट हाउस और होटल पूरी तरह से फुल हो जाएंगे। इसके अलावा पेइंग गेस्ट हाउस और होटलों के बचे हुए कमरों का किराया बहुत ज्यादा होगा, जिसे आम नागरिक वहन नहीं कर पाएंगे।

ऐसे में पर्यटन विभाग प्रयागराज शहर और महाकुंभ के आसपास रहने वाले लोगों को यह मौका दे रहा है कि अगर उनके पास भी घर है और वे अपने घर में पेइंग गेस्ट हाउस चलाकर पैसा कमाना चाहते हैं तो वे ऐसा कर सकते हैं।
इसके लिए गृह स्वामी को पर्यटन विभाग में आवेदन करना होगा। पर्यटन विभाग द्वारा गृह स्वामी द्वारा दिए गए दस्तावेजों की गहनता पूर्वक जांच की जाएगी। जांच पड़ताल करने के बाद पर्यटन विभाग अपनी वेबसाइट पर उनके डिटेल को अपलोड कर देगा।
वेबसाइट पर ब्योरा अपलोड करने के बाद मकान का किराया और उससे जुड़ी अन्य जानकारी भी दर्ज की जाएगी। ऐसे में मेला देखने आने वाले बाहरी लोगों को पर्यटन विभाग की वेबसाइट पर मकान और पेइंग गेस्ट हाउस की तलाश करने पर इसकी जानकारी मिल जाएगी।
जानकारी लेने के बाद वहां पर दिए गए गृह स्वामी के मोबाइल नंबर पर फोन करने के बाद महाकुंभ 2025 के दौरान प्रयागराज में आए मेहमान पेइंग गेस्ट हाउस की बुकिंग करवा पाएंगे। ऐसे में यह प्रयागराज शहर में रहने वाले मकान मालिकों के लिए अच्छा अवसर है।
पेइंग गेस्ट हाउस योजना में करना पड़ेगा आवेदन
पर्यटन विभाग द्वारा इसके लिए पेइंग गेस्ट हाउस योजना चलाई जा रही है। शर्ट की बात करें तो इसके लिए कम से कम पांच कमरे होने आवश्यक हैं। पांच कमरों के साथ ही आवेदक को भवन का भू-पत्र, वॉटर टैक्स और हाउस टैक्स के साथ ही बिजली बिल आदि की रसीद भी देनी पड़ेगी।
इसके साथ ही कमरे की स्थिति को दर्शाने वाला फोटो भी लेना होगा। इन सभी मानदंडों को पूरा करने वाले लोग 50 रुपये का चालान बनवाकर सिविल लाइंस टूरिस्ट बंगला स्थित क्षेत्रीय पर्यटन कार्यालय में आवेदन जमा कर सकते हैं। आवेदन की जांच करने के बाद टीम द्वारा आवेदन कर्ता का पंजीकरण कर दिया जाएगा। अभी तक इसके लिए तीन दर्जन से अधिक लोगों का आवेदन स्वीकृत हो चुका है। इसके अलावा करीब चार दर्जन लोगों का आवेदन पेंडिंग है जिसे जांच किया जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications