अखिलेश के लिए अब आसान नहीं होगा मुलायम के गढ़ में साइकिल दौड़ाना, ये है वजह
Prayagraj news, प्रयागराज। पूर्वांचल में समाजवादी पार्टी को मजबूती देने के लिए आजमगढ़ से चुनाव लड़ रहे अखिलेश यादव के खिलाफ भोजपुरी फिल्मों के सुपरस्टार दिनेश लाल यादव 'निरहुआ' चुनाव लड़ सकते हैं। बुधवार को उन्होंने बीजेपी का दामन थाम लिया और लोकसभा चुनाव लड़ने की मंशा जाहिर करते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। दिनेश लाल ने कुछ दिन पहले ही बीजेपी में शामिल होने के संकेत दे दिये थे और आज भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने के बाद वह अपने साथियों संग मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात करने पहुंचे।

मुलायम के गढ़ में अखिलेश का साइकिल दौड़ाना मुश्किल
गौरतलब है कि दिनेश लाल यादव भोजपुर फिल्मों के उन स्टार में गिने जाते हैं, जिनका फिल्म में होना ही फिल्म के हिट होने की गारंटी बन गया गया। यूपी बिहार में भोजपुरी स्टारडम के कारण ही निरहुआ बेहद ही लोकप्रिय हैं और अब अपनी लोकप्रियता को भुनाने के लिए चुनावी मैदान में उतर रहे हैं। फिलहाल, अखिलेश यादव के खिलाफ अगर बीजेपी उन्हें टिकट देती है तो मुलायम सिंह के गढ़ में साइकिल को दौड़ाना अखिलेश के लिऐ अब आसान नहीं होगा। वहीं, निरहुआ का इस्तेमाल बीजेपी अपने स्टार प्रचारक के तौर पर पूर्वांचल व उससे के आसपास जुड़ी सीटों पर भी कर सकती है। फतेहपुर, उन्नाव, प्रयागराज, कौशांबी, प्रतापगढ़, भदोही, बांदा, मिर्जापुर जैसे इलाकों में भी भोजपुरी को पसंद करने वाले लोगों की बहुत बड़ी संख्या है और बीजेपी निरहुआ के सहारे भोजपुरी भाषाई लोगों को अपनी ओर आकर्षित करेगी।

गाजीपुर के रहने वाले हैं निरहुआ
दिनेश लाल यादव उत्तर प्रदेश के गाजीपुर के छोटे से गांव टंडवा के रहने वाले हैं। इनके भाई विजय लाल यादव लोककला बिरहा के सुप्रसिद्ध गायक रहे और बिरहा की वर्षों तक पहचान बने रहे। उनके नक्शे कदम पर पहले निरहुआ ने भी बिरहा व गायन में अपने कदम बढ़ाये और बाद में भोजपपुर फिल्मों में अपनी जगह बनाने में सफल रहे। भोजपुरी फिल्मों में एक नया ट्रेंड शुरू करने वाले दिनेश लाल को निरहुआ के नाम से देश विदेश में उनके फैन्स खूब प्यार देते हैं। उनकी लोकप्रियता भोजपुरी बोले जाने वाले इलाकों में सिर चढ़कर बोलती है। निरहुआ को उत्तर प्रदेश सरकार के सर्वोच्च सम्मान यश भारती से भी सम्मानित किया जा चुका है।

भोजपुरी दुनिया को लुभा रही बीजेपी
भारतीय जनता पार्टी में भोजपुरी फिल्मों के सुपर स्टार मनोज तिवारी के आने के साथ ही उनके बढ़ते रुतबे और कद ने भोजपुर फिल्म दुनिया को अपनी ओर आकर्षित करना शुरू कर दिया है। मनोज तिवारी की ही पहल पर पिछले साल ही सुपरस्टार रवि किशन ने भी बीजेपी का दामन थामा था और वह इस बार भी चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं। बीजेपी उन्हें भी पूर्वांचल से टिकट दे सकती है और अभी तक जो संभावना है उसके अनुसार जौनपुर से रवि किशन भी चुनावी मैदान में बीजेपी के टिकट पर ताल ठोंक सकते हैं। हालांकि, विधानसभा चुनाव के दौरान भी रवि किशन ने चुनाव लड़ने की अपनी मंशा जाहिर की थी, लेकिन उन्हें टिकट नहीं मिला था, लेकिन लोकसभा चुनाव में जब भाजपा यूपी को मजबूत करने के लिऐ उम्मीदवारों को चुन-चुन कर उतार रही है। ऐसे में रवि किशन भी उसी कड़ी में शामिल हो सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications