शादी के कार्ड पर छपवाया 'namo again 2019' खूब हो रही चर्चा
Prayagraj news, प्रयागराज। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति दिवानगी का असर लोग अपने शादी विवाह में किस तरह दिखाते हैं, इसका एक और जीता जागता नमूना प्रयागराज में देखने को मिला है। यहां बेटे की शादी में पिता ने कार्ड को ही भाजपा के रंग में रंग दिया है और कार्ड पर विशेष तौर पर कमल का चुनाव चिन्ह छपवाते हुये 'namo again 2019' लिखा है। मामला प्रयागराज जिले के यमुनापार इलाके का है। यह इलाका इलाहाबाद संसदीय सीट के क्षेत्र में आता है, जहां से बीजेपी ने रीता बहुगुणा जोशी को मैदान में उतारा है।

बेटे की शादी को अलग रंग
दरअसल, प्रयागराज जिले के यमुनापार इलाके में महेवा एग्रीकल्चर में सुंदरलाल केसरवानी का परिवार रहता है। इनका परिवार बिल्डिंग डेवलपर का कार्य करता है और लॉज आदि की सुविधा देने के लिये लोगों के बीच खास चर्चित नाम है। इस समय सुंदरलाल के घर भाई सुशील के बेटे पवन की शादी वैष्णवी के साथ तय हुई तो चुनावी माहौल के बीच इस शादी को भी चुनावी रंग में रंगने और पीएम मोदी को सपोर्ट करने के लिए एक अनोखा ही रूप अख्तियार कर लिया। भाजपा को पंसद करने वाले इस परिवार ने शादी के कार्ड को भगवा रंग में चुना और फिर उस पर विशेष तौर पर कमल का फूल प्रिंट कराते हुये 'namo again 2019' लिखवाया।

बांट रहे हैं कार्ड
इस बावत सुशील केसरवानी ने बताया कि वह पीएम मोदी के फैन हैं और उनका पूरा परिवार पीएम को सपोर्ट करता है। घर में शादी होने के कारण वह चुनाव में कुछ खास नहीं कर पा रहे थे तो उन्होंने परिजनों से मंत्रणा के बाद यह तरीका निकाला। फिलहाल, यह कार्ड सुशील के सभी रिश्तेदार, दोस्तों व ईष्टजनों तक पहुंच रहा है और इस शादी की चर्चा पहले से ही शुरू हो गयी है। यह शादी 21 व 22 अप्रैल के बीच संपन्न हो रही है। संभावना है कि शादी के दौरान भी मोदी फैन इस परिवार द्वारा और कुछ अनोखा किया जाये।












Click it and Unblock the Notifications