प्रयागराज: इफ्को फूलपुर में बॉयलर फटने से 3 कर्मचारियों की मौत, कई घायल
प्रयागराज। प्रयागराज के फूलपुर में स्थित इफ्को में मंगलवार को एक बड़ा हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि बॉयलर में ब्लास्ट होने से तीन कर्मचारियों की मौत हो गई, जबकि कई कर्मचारी घायल हो गए हैं। इनमें से कुछ की हालत नाजुक बताई जा रही है। घायलों को प्रयागराज के अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद इफ्को के गेट पर ताला लगा दिया गया। फैक्ट्री के उच्चाधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर हैं।

शटडाउन के समय बॉयलर में हुआ विस्फोट
मंगलवार दोपहर फूलपुर के घिया नगर स्थित इफ्को के प्लांट नंबर एक में लंच के वक्त शटडाउन लिया जा रहा था। इसी दौरान बॉयलर में विस्फोट हो गया। हादसे में तीन कर्मचारियों की मौत हो गई, जबकि कई घायल हैं। मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है। वहीं, घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कर्मचारियों की मौत के बाद साथी कर्मचारियों और उनके परिजनों ने फैक्ट्री के बाहर जाम लगा दिया और प्रशासन के खिलाफ नारे लगाने लगे। एडीएम प्रशासन और एसपी गंगापार उत्तेजित कर्मचारियों को समझाने का प्रयास करते रहे। एहतियातन पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है।
4 महीने पहले हुए हादसे में गई थी असिस्टेंट मैनेजर और डिप्टी मैनेजर की जान
बता दें, पिछले साल 22 दिसंबर की देर रात भी इफ्को में हादसा हुआ था। प्लांट की यूरिया इकाई में अमोनिया गैस का रिसाव होने से दो अफसरों समेत 14 लोग इसकी चपेट में आ गए थे। सभी को अस्पताल ले जाया गया था, जहां असिस्टेंट मैनेजर वीपी सिंह और डिप्टी मैनेजर अभयनंदन की मौत हो गई थी, जबकि 12 अन्य का इलाज कराया गया था।












Click it and Unblock the Notifications