प्रयागराज: कैबिनेट मंत्री की पत्नी और मेयर अभिलाषा गुप्ता को जान से मारने की दी धमकी, आरोपी युवक गिरफ्तार
प्रयागराज। शहर की मेयर अभिलाषा गुप्ता को एक बार फिर से फोन पर जान से मारने की धमकी दी गई है। हालांकि धमकी देने के बाद साइबर सेल ने फोन करने वाले की लोकेशन ढूंढी निकाली और पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। धमकी देने वाला युवक कानपुर का है, उसे गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके विरूद्ध विभिन्न धाराओं में मुकदमा लिखा गया है। गौरतलब है कि अभिलाषा गुप्ता उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता की पत्नी हैं।

फोन पर दी धमकी
मेयर अभिलाषा गुप्ता ने पुलिस को बताया कि रविवार का उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से फोन आया था। फोन रिसीव करने पर सामने से व्यक्ति ने कहा कि उसे शहर पश्चिमी विधानसभा के एक पूर्व विधायक का नंबर चाहिए। मेयर ने बताया कि उनके पास नंबर नहीं है। इस पर फोन करने वाले ने अभद्रता शुरू कर दी और फिर जान से मारने की धमकी देने लगा। मेयर ने फोन काटने के बाद पुलिस अधिकारियों को घटना की जानकारी दी और बताया कि युवक उन्हें जान से मारने की धमकी दे रहा है। अधिकारियों के निर्देश पर तत्काल पुलिस हरकत में आई और साइबर सेल ने कॉलर की लोकेशन खोज निकाली। लोकेशन कानपुर में थी तो तत्काल कानपुर पुलिस को सूचना भेजी गई और पुलिस ने आरोपी युवक को दबोच लिया।
नीरज यादव नाम का युवक
कानपुर पुलिस ने फोन करने वाले जिस युवक को गिरफ्तार किया है उसका नाम नीरज यादव है। वह कानपुर के सचेंडी थाना क्षेत्र में रहता है। उसने धमकी क्यों दी और किसके कहने पर दी? और पूरा मामला क्या है? अभी इसका खुलासा पुलिस ने नहीं किया है। संभावना है कि आरोपी को प्रयागराज ले आया जाएगा और प्रेस वार्ता के बाद मामले का खुलासा किया जाएगा। फिलहाल, कोतवाली थाने में अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा लिखा गया है।












Click it and Unblock the Notifications