Maha Kumbh 2025: बड़े काम के हैं ये चार QR Code, स्कैन करते ही पहुंचेगी मदद, हर समस्या का होगा समाधान
Maha Kumbh 2025 QR Code: उत्तर प्रदेश के महाकुंभ नगर जिले में महाकुंभ 2025 की तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। सरकार कुंभ में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा का भी खास ख्याल रख रही है। इसके लिए सरकार ने 4 क्यूआर कोड भी जारी किए हैं।
यह क्यूआर कोड उन श्रद्धालुओं की मदद करेगा जिन्हें कुंभ पहुंचने के बाद किसी भी तरह की मदद की जरूरत होगी। जैसे अगर उन्हें कोई मेडिकल इमरजेंसी, पुलिस सहायता, होटल से जुड़ी जानकारी, अधिकारियों से जुड़ी जानकारी या कोई अन्य मदद चाहिए तो यह कोड बहुत उपयोगी साबित होगा।

यह कोड डिजिटल महाकुंभ को बढ़ावा देने के लिए लगाया गया है। महाकुंभ नगर प्रशासन द्वारा यह नया प्रयोग है। महाकुंभ नगर के मेला क्षेत्र में हर जगह सरकार द्वारा होर्डिंग लगाई जा रही है। इन होर्डिंग पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री की तस्वीर लगी है।
इस होर्डिंग पर प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की फोटो के साथ ही कुंभ में चलने के लिए अपील किया गया है। इसके साथ ही होल्डिंग के निचले स्थान में 4 क्यूआर कोड भी छपे हुए हैं। यही क्यूआर कोड मेला क्षेत्र में जरूरत पड़ने पर आपके बहुत काम आएंगे।
4 रंगों में हैं क्यूआर कोड
दरअसल, महाकुंभ नगर के मेला क्षेत्र में जो भी होर्डिंग्स लगाए गए हैं उन होर्डिंग पर निचले हिस्से में लगे हुए यह क्यूआर कोड चार अलग-अलग रंगों में हैं। रंग के हिसाब से ही इन क्यूआर कोड की पहचान हो सकेगी और उसी अनुसार आपको मदद मिल पाएगा।
लाल रंग का क्यूआर कोड
अगर आप Maha Kumbh 2025 में मेला क्षेत्र में कहीं खो जाते हैं या आपको किसी आपातकालीन चिकित्सा सेवा की जरूरत पड़ती है तो आप अपने स्मार्टफोन से इस कोड को स्कैन कर सकते हैं। यहां स्कैन करते ही आपको चिकित्सा सेवाओं से जुड़े अधिकारियों के नंबरों की सूची मिल जाएगी।
इसके अलावा महाकुंभ जिले के 657 अस्पतालों की सूची और भीड़ संख्या के बारे में भी आपके यहां पर जानकारी मिल जाएगी। इसके साथ ही यदि आप जिस अस्पताल के जिम्मेदार अधिकारी के बारे में जानना चाहेंगे उनका नाम और नंबर तथा अस्पताल का एड्रेस भी यहां मिल जाएगा।
हरे रंग का क्यूआर कोड
यदि आप मेला क्षेत्र में कहीं भटक जाते हैं और आप चाहते हैं कि पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों से तत्काल संपर्क करें। ऐसे में यदि आपको कोई बताने वाला और मदद वाला नहीं मिल रहा है तो आप हरे रंग का क्यूआर कोड स्कैन कर सकते हैं।
यह क्यूआर कोड स्कैन करते ही आपके सामने अधिकारियों के संपर्क नंबर की सूची मिल जाएगी। यहां आप मेला क्षेत्र में स्थित अपने ब्लॉक के अधिकारी से भी संपर्क कर सकते हैं। यहां कुल 28 पेज है जिसमें पुलिस प्रशासनिक समेत सभी अधिकारियों के नंबर उपलब्ध हैं।
नीले रंग का क्यूआर कोड
यदि आप किसी होटल में ठहरना और भोजन करना चाहते हैं तो यह क्यूआर कोड आपकी मदद करेगा। इस कोड को स्कैन करते ही आपको होटल की सूची मिल जाएगी। इसके अलावा होटल के संपर्क नंबर और उनके एड्रेस भी आपके यहां मिल जाएंगे।
भगवा रंग का क्यूआर कोड
यह क्यूआर कोड आपको कुंभ के बारे में जानकारी देगा। इसके अलावा, यहां आपको उत्तर प्रदेश सरकार की उपलब्धियों के बारे में जानकारी मिलेगी और सरकार द्वारा किए गए कार्यों के बारे में अलग-अलग विभागों का पीडीएफ भी मिलेगा।
ऐसे में यदि आप भी महाकुंभ 2025 के दौरान महाकुंभ स्नान करने के लिए पहुंचने वाले हैं तो आपको इन सभी क्यूआर कोड के बारे में जानकारी होनी चाहिए।इस संबंध में महाकुंभ नगर के जिलाधिकारी विजय किरण आनंद ने बताया कि आम जनता की जानकारी के लिए मेला क्षेत्र में क्यूआर कोड वाले होर्डिंग्स लगाए जा रहे हैं, ताकि श्रद्धालुओं को तत्काल मदद मिल सके।












Click it and Unblock the Notifications