प्रयागराज: जिला पंचायत सदस्य पर ताबड़तोड़ फायरिंग, सीसीटीवी में कैद हुई घटना
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में एक बार फिर से दिनदहाड़े बदमाशों ने आपराधिक घटना को अंजाम दिया। बदमाशों ने सफारी से जा रहे जिला पंचायत सदस्य पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है। वारदात में एक गनर को गोली लगी है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले में बहादुरपुर ब्लाक के प्रमुख व उनके समर्थकों पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।

क्या है मामला
पुलिस के अनुसार, झूंसी के छतनाग गांव निवासी अशोक यादव सोमवार को दो सफारी से अपने भाई, बेटे व समर्थकों के साथ बीडीसी सदस्यों से मिलने जा रहे थे। बताया जा रहा है कि वह इस समय बहादुरपुर ब्लाक में प्रमुख अरूणेंद्र यादव के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव के लिए प्रयासरत हैं और उसी सिलसिले में वह बीडीसी सदस्यों के घरों का दौरा कर रहे हैं। जैसे ही उनका काफिला चकहरिहरवन जीटी रोड मोड़ पर पहुंचा, वहां पहले से ही घात लगाकर बैठे आधा दर्जन बदमाशों ने टाटा सफारी गाड़ी पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।

गनर के पेट में लगी गोली
फायरिंग के दौरान गोली का छर्रा गनर जवाहर के पेट में जाकर धंस गया था। इस दौरान वाहन चालक ने तेजी दिखाते हुए वाहनों को मुख्य मार्ग पर मोड़ा और सीधे झूंसी थाने पहुंच कर अपनी जान बचाई। इस पूरे घटनाक्रम का लाइव वीडियो सामने दुकान पर लगे सीसीटीवी में कैद हो गया है।

दर्ज हुआ मुकदमा
घटना की सूचना जैसे ही अशोक के समर्थकों को मिली झूंसी थाने पर सैकड़ों की संख्या में लोगों का जमावड़ा हो गया और प्रदर्शन के बाद इस मामले में बहादुरपुर ब्लाक प्रमुख अरूणेंद्र यादव डब्बू, उनके भाई अमर यादव, चंद्रजीत यादव व तीन अज्ञात हमलावर पर झूंसी थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पता चला है कि राजनैतिक वर्चस्व को लेकर अशोक व अरूणेंद्र के बीच तना तनी चल रही है। दरअसल, अशोक इस समय बहादुरपुर ब्लाक प्रमुख अरूणेंद्र यादव के खिलाफ अविस्वास प्रस्ताव लाने के लिए प्रयासरत हैं और पूरी ताकत झोंके हुए हैं। हमले के दौरान भी अविस्वास प्रस्ताव के लिए ही वह बीडीसी सदस्यों से मिलने जा रहे थे।












Click it and Unblock the Notifications