UP News: रेलवे ट्रैक के किनारे लाल गमछा लहराने लगा किसान, पायलट ने ट्रेन रोककर थपथपाई पीठ, जानिए पूरा मामला
UP Prayagraj News: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में शुक्रवार सुबह एक बड़ा रेल हादसा टल गया। एक किसान की सूझबूझ से हजारों लोगों की जान बच गई, जिसके लिए लोग उसे बधाई दे रहे हैं। मामला प्रयागराज जिले के लालगोपालगंज का है।
दरअसलह, प्रयागराज जनपद के लाल गोपालगंज इलाके के भोला का पूरा के रहने वाले बब्बू नामक किसान शुक्रवार की सुबह में अपने धान की फसल को देखने के लिए गए थे। धान के खेत में जाने के लिए उनको लाइन पार करना पड़ता है।

शुक्रवार सुबह में बब्बू जब अपने खेत पर जाते समय रेलवे लाइन पार कर रहे थे, उसी समय उन्होंने देखा कि रेलवे लाइन टूटी हुई है। टूटी हुई रेलवे लाइन देखकर बब्बू के लगा कि कोई बड़ा हादसा हो सकता है। इसके लिए वह गांव में पहुंचकर लोगों से अधिकारियों को फोन करने के लिए सोच रहे थे।
उन्होने बताया कि वे यह सोच रहे थे उसी बीच प्रयागराज से लखनऊ जा रही गंगा गोमती एक्सप्रेस उन्हें तेज रफ्तार से आती हुई दिखाई दी। तेज रफ्तार में आ रही एक्सप्रेस को तत्काल रोकना था, ऐसे में बब्बू ने अपने सिर में बंधा लाल रंग का गमछा खोल कर एक डंडे में बांध लिया और रेलवे ट्रैक के किनारे खड़ा होकर वे उसे लहराने लगे।
ट्रेन लेकर पायलट जब भोला का पूरा के समीप पहुंचा तो उसने देखा कि कोई व्यक्ति रेलवे ट्रैक किनारे खड़ा होकर लाल कपड़ा दिखा रहा है। किसी खतरे को भांपते हुए पायलट ने ट्रेन रोक दी। ट्रेन रोककर जब पायलट वहां पहुंचा तो वह भी हैरान रह गया, निरीक्षण के दौरान रेल पटरी टूटी हुई मिली।
इस दौरान ट्रेन रोक कर हादसे से लोगों को बचाने के लिए जहां लोको पायलट ने किसान की तारीफ की, वहीं ट्रेन में मौजूद लोगों ने भी उन्हें धन्यवाद दिया। हालांकि, काशन लगाकर ट्रेन को सुरक्षित आगे बढ़ा दिया गया। इस संबंध में उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के एडीआरएम अश्वनी श्रीवास्तव ने मीडिया को बताया कि लालगोपालगंज और रामचौरा रेलवे स्टेशन के बीच ट्रैक क्रैक होने की सूचना मिली थी। स्थानीय किसान की सूझबूझ के चलते समय रहते जानकारी मिल गई थी।












Click it and Unblock the Notifications