इलाहाबाद के 3 इडियट्स ने बनायी करंट मारने वाली सैंडल

जी हां इलाहबाद के तीन रेंचो ऐसी ही सैंडल लेकर आये हैं। यूं कहिये कि इन्हीं तीनों ने इसे इजाद किया है। इस अनूठी सैंडल को अगले महीने नई दिल्ली में होने वाली नेशनल साइंस एक्ज़ीबिशन में यूपी की तरफ से प्रदर्शित भी किया जाएगा।
अब शोहदों की आने वाली है शामत
इलाहाबाद में ग्यारहवीं क्लास में पढ़ने वाले तीन छात्रों ने महिलाओं के लिए एक ऐसी सैंडल तैयार की है, जो छेड़खानी जैसी वारदातों से न सिर्फ उनकी हिफाजत करेगी, बल्कि उनकी तरफ बुरी नज़र डालने वालों को करंट का झटका भी देगी। दाएं पैर की सैंडल मनचलों को साढ़े तीन सौ वोल्ट का झटका देगी और बाएं पैर की सैंडल में फिट जीपीएस किट पीड़ित महिला की मदद के लिए उसके परिवार वालों और नजदीकी पुलिस स्टेशन को लोकेशन के साथ खबर कर उन्हें एलर्ट भी कर देगी।
इलाहाबाद के इन थ्री इडियट्स ने महिलाओं की हिफाजत के लिए यह अनूठी कोशिश की है। इसने इन्हे रियल लाइफ हीरो का दर्जा भी दे दिया है। इलाहाबाद के नैनी इलाके के ईश्वर प्रेम विद्या मंदिर इंटर कालेज में ग्यारहवीं क्लास में पढ़ने वाले इन्ही थ्री इडियट्स के रैंचो सरीखे पंकज सिंह, अभिषेक पाण्डेय और शुभम मंडल ने महिलाओं के लिए अनूठी सैंडल तैयार की है। दरअसल महिला के साथ बढती छेड़छाड़ की घटनाओं को देखते हुए इन्होने महिलाओं की हिफाजत के लिए करंट का झटका देने वाली सैंडल तैयार करने का फैसला लिया ।
10 महीने की कड़ी मेहनत
करीब दस महीने की कड़ी मेहनत के बाद इनको जोड़ी को तब कामयाबी मिली जब इनकी इस अनूठी कोशिश को यूपी में इस साल की दूसरी सबसे बड़ी रिसर्च घोषित करते हुए इनकी सैंडल को अगले महीने नई दिल्ली में होने वाली नेशनल साइंस एग्जिब्यूशन में यूपी की तरफ से प्रदर्शन करने का न्यौता दिया गया। उनकी इस कामयाबी पर इनके कालेज में जश्न का माहौल है और स्टूडेंट्स से लेकर टीचर्स तक हर कोई इनकी काबिलियत और सोच की दाद देते हुए इनके जज्बे को सलाम कर रहा है।
दाहिने पैर यानी राइट साइड की सैंडल में इन्होने लोहे की प्लेट और एक छोटी सी बैटरी फिट कर साइड में पुश बटन लगाया हुआ है। बटन पुश करने पर राइट साइड की यह सैंडल छेड़खानी करने वाले को टच करते ही उसे साढ़े तीन सौ वोल्ट के करंट का जोरदार झटका देगी। अपने बचाव में पीड़ित महिला जितनी बार सैंडल से वार करेगी, उतनी बार सामने वाले को जोर का करंट लगेगा। बाएं पैर यानी लेफ्ट साइड की सैंडल में माइक्रो चिप, जीपीएस और मोबाइल फोन में इस्तेमाल होने वाले कुछ पार्ट्स के साथ ही इसमें भी पुश बटन लगाया गया है।
इन दोनों बटनो को सिर्फ पैरों से झटका देकर ही आन किया जा सकता है। बटन दबने के आधे सेकंड में ही लेफ्ट साइड की यह सैंडल इसमें फीड कई मोबाइल नंबर्स पर अपनी लोकेशन के साथ ही एलर्ट का मैसेज भेज देगी। इसमें माँ- बाप, परिवार के दूसरे लोगों के साथ ही नजदीक के पुलिस स्टेशन और पुलिस कंट्रोल रूम के नंबर भी फीड किये गए हैं। इतना ही नहीं एक सेंसर के ज़रिये इन सैंडल्स को कलाई घड़ी से भी जोड़ दिया गया है। महिला की कलाई थामते ही यह घड़ी भी हल्के करंट का झटका देगी। कलाई घड़ी को इस टेक्नीक से सैंडल्स के साथ जोड़ा गया है कि हर्ट बीट बढ़ने के साथ ही इसके झटके का करंट भी बढ़ता जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications