Atique Ahmed से पूछताछ के लिए अहमदाबाद जाएगी प्रयागराज पुलिस, कोर्ट ने पूछताछ के लिए दी अनुमति
प्रयागराज पुलिस माफिया से नेता बने अतीक अहमद से पूछताछ के लिए अहमदाबाज जाएगी। यहां साबरमती जेल में बंद अतीक अहमद से पूछताछ करेगी। इसके लिए सीजेएम कोर्ट ने पुलिस को अनुमति दे दी है।

Atique Ahmed News: माफिया से नेता बने अतीक अहमद को हाल ही में प्रयागराज की एमपी एमएलए स्पेशल कोर्ट ने उमेश पाल अपहरण मामले में उम्रकैद की सजा सुनाई है। जिसके बाद उन्हें गुजरात की साबरमती की जेल में शिफ्ट कर दिया गया है। वहीं, अब रंगदारी वसूली के मामले में अतीक से पूछताछ के लिए प्रयागराज पुलिस की एक टीम अहमदाबाद जाएगी। इसके लिए सीजेएम कोर्ट ने पुलिस को अनुमति दे दी है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, करैली थाने में दिसंबर 2021 में रंगदारी वसूली और चकिया के रहने वाले जीशान उर्फ जानू पर जानलेवा हमले और जेसीबी से घर ढहाने के मामले में प्रयागराज पुलिस को अतीक का बयान दर्ज करने के लिए रिमांड मिल गई है। जल्द ही पुलिस की एक टीम पूछताछ के लिए अहमदाबाद रवाना होगी और वहां की साबरमती जेल में बंद अतीक अहमद से पूछताछ करेगी।
बता दें, इस मामले में अब तक दो को छोड़कर सभी आरोपियों के खिलाफ पुलिस चार्जशीट फाइल कर चुकी है। इनमें अतीक और उसका गुर्गा असाद शामिल हैं। असाद घटना के बाद फरार है और घटना के बाद वह पकड़ा नहीं गया था। दरअसल, 31 दिसंबर 2021 को जीशान ऐनुद्दीनपुर वाले अपने घर पर बैठा था। इस दौरान अतीक का बेटा अली, असाद, आरिफ कछौली, इमरान गुड्डू सैफ मामा, अमन, कल्लू अतीक और अली अब्बा समेत कई अन्य लोग घर आ धमके।
इस दौरान अली ने आते ही जीशान की कनपटी पर पिस्टल लगा दी और कहा कि अब्बा से बात करो। जीशान ने मना किया तो अतीक ने फोन पर ही पांच करोड़ की रंगदारी मांगी। कहा ऐनुद्दीनपुर वाली जमीन मेरी पत्नी के नाम कर दो नहीं तो तुम्हें तुम्हारे परिवार के साथ मार दिया जाएगा। जीशान ने दोबारा मना किया तो अली तथा अन्य हमलावरों ने रायफल और पिस्टल की बट से उसे मारना शुरू कर दिया था। इस दौरान जीशान का जेसीबी से पूरा कार्यालय और घर ढहा दिया गया था।
Recommended Video

इस मामले में पुलिस ने अतीक और असाद को छोड़कर सभी आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर दी। तो वहीं, अब अतीक से पूछताछ और बयान दर्ज करने के लिए पुलिस ने अदालत से रिमांड मांगी थी। पुलिस को रिमांड मिल भी गई है।












Click it and Unblock the Notifications