UP News: ससुराल आए दामाद को बच्चा चोर समझकर पब्लिक ने पीटा, मामला सुनकर नहीं रुकेगी हंसी
UP News: अलीगढ़ जनपद के बन्नादेवी थाना क्षेत्र की बापू धाम कॉलोनी में रविवार को एक अजीबोगरीब घटना सामने आई। कॉलोनी में बच्चा चोरी के शक में एक युवक की स्थानीय लोगों ने जमकर पिटाई कर दी। बाद में पता चला कि युवक दामाद है।
पीड़ित यूपी के आगरा जिले के शाहगंज का रहने वाला है। वह रविवार को अपने ससुराल आया था और जब उसने अपने बेटे को खेलते देखा तो उसे उठाकर ले जाने लगा। इस दौरान कॉलोनी के लोगों को शक हुआ कि वह बच्चा चोर है। इसके बाद लोगों ने उसे पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी।

नाराज होकर ससुराल में रहती है पत्नी
दरअसल, आगरा के एक युवक की शादी कुछ साल पहले अलीगढ़ के बन्नोदेवी थाने के बापू धाम कॉलोनी में रहने वाली एक युवती से हुई थी। शादी के बाद सब ठीक चलता रहा और पत्नी ने बेटे को जन्म दिया। इधर, किसी बात को लेकर दोनों में विवाद होने लगा।
विवाद के बाद पत्नी अपने बेटे को लेकर मायके चली आई और मायके में ही रह रही है। बताया जा रहा है कि युवक को पता चला कि उनकी पत्नी दूसरी शादी करने की योजना बना रही है। ऐसे में वह चोरी छिपे रविवार को अपने ससुराल में बेटे को लेने के लिए पहुंच गया।
घर के बाहर खेल रहा था बेटा
ससुराल पहुंचने के बाद उसने देखा कि उसका बेटा घर के बाहर खेल रहा था। इस दौरान वह अपने बेटे को लेकर चुपचाप वहां से निकल लिया। कुछ दूर जाने के बाद उसकी संदिग्ध हरकत और बच्चे को रोता देख लोगों ने उसे रोककर पूछताछ की। पूछताछ में वह लोगों को बरगलाने लगा।
इस दौरान उसकी हरकत लोगों को संदिग्ध प्रतीत हुई। इसी बीच भीड़ में मौजूद किसी शख्स ने उसे बच्चा चोर बता दिया। फिर क्या था? वहां मौजूद लोग बच्चा चोर समझकर उसकी पिटाई करने लगे। इसी बीच किसी ने इसकी सूचना पुलिस काे दे दी। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस के पूछताछ में सामने आई सच्चाई
उसके बाद भीड़ के चंगुल से युवक को बचाने के साथ ही पुलिस ने उससे पूछताछ की। पूछताछ करने पर उसने पूरी बात बताई। उसके बाद पुलिस ने उसके ससुराल के लोगों से संपर्क किया तो पता चला कि युवक ही बच्चे का असली पिता है। जानकारी के बाद पिटाई करने वाली खिसक लिए।
बाद में पुलिस द्वारा बच्चे की मां और उसके मायके वालों को भी पुलिस चौकी पर बुलाया गया। पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच बातचीत हुई। महिला ने बच्चे और पति के साथ वापस जाने की सहमति जताई। उसके बाद लिखपढ़ी करने के बाद सभी को चौकी से वापस भेज दिया गया।
इस बारे में एसएचओ बन्नादेवी पंकज मिश्रा ने बताया कि दोनों पक्षों में लिखित समझौता हो गया है। महिला ने भरोसा दिलाया कि वह एक-दो दिन में अपने पति और बेटे के साथ लौट जाएगी। फिलहाल, ससुराल में बच्चा चोर समझकर दामाद की पिटाई के मामले की इलाके में खूब चर्चा हो रही है।












Click it and Unblock the Notifications