CAB के विरोध में एएमयू छात्रों ने किया प्रदर्शन, पुलिस ने दागे आंसू गैस के गोले
अलीगढ़। नागरिकता संशोधन कानून 2019 के खिलाफ देश में विरोध प्रदर्शन लगातार तेज होते जा रहे है। वहीं, प्रदर्शन की आग अब उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ तक पहुंच गई है। रविवार को अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) में नागरिकता संशोधन कानून को लेकर हंगामा हो गया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, एएमयू के बाहर नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ छात्रों ने प्रदर्शन करते हुए पुलिस पर पत्थरबाजी कर दी। वहीं पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर आंसू गैस के गोले छोड़े।

कई पुलिस हुए घायल
मामला बढ़ने पर पुलिस-प्रशासन ने छात्रों को समझाने की कोशिश की, लेकिन छात्रों ने उपद्रव जारी रखा। जिसके बाद पुलिस ने छात्रों पर आंसू गैस के गोले दागे। लेकिन छात्र अभी भी अपनी आक्रामकता पर डटे हुए हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, परिसर के अंदर काफी देर तक फायरिंग जारी रही। जिसके बाद मौके पर आरएएफ बुलाई गई और पूरे एरिया को छावनी में तब्दील कर दिया गया। बता दें कि उपद्रव में दो सुरक्षाकर्मी सहित पुलिसकर्मी भी घायल हो गए।

16 दिसंबर तक इंटरनेट बंद
इससे पहले छात्रों ने पूर्व अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के चुंगी गेट पर भी तोड़फोड़ कर अराजकता फैलाई थी। पुलिस प्रशासन और छात्र आमने-सामने हैं। मौके पर आर्य पीएसी आरआरएफ और जिले का फोर्स तैनात है लेकिन छात्रों की अराजकता अभी तक रुक नहीं रही है। बताया जा रहा है इस दौरान डीआईजी को चोट भी लग गई है। वहीं, अलीगढ़ में 16 दिसंबर रात 10 बजे तक के लिए इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई है।

एएमयू में शीतकालीन अवकाश की घोषणा
वहीं, दूसरी तरफ एएमयू के रजिस्ट्रार अब्दुल हमीद ने बताया कि विश्वविद्यालय परिसर में स्थिति तनावपूर्ण है, कुछ लड़कों और असामाजिक तत्वों ने आकर पथराव किया, इसलिए हमने पुलिस से स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कार्रवाई करने का अनुरोध किया है। उन्होंने बताया कि वर्तमान स्थिति को देखते हुए आज से शीतकालीन अवकाश की घोषणा की है। विश्वविद्यालय 5 जनवरी को फिर से खुल जाएगा और उसके बाद परीक्षाएं होंगी।












Click it and Unblock the Notifications