अलीगढ़: अवैध मदरसे में बच्चे को जंजीर से बांधने के मामले में पिता और मौलाना गिरफ्तार, भेजे गए जेल
अलीगढ़, 29 सितंबर। उत्तर प्रदेश में अलीगढ़ के एक मदरसे का वीडियो सोमवार को वायरल हो गया जिसमें जंजीर से बंधा बच्चा दिखा। जानकारी के मुताबिक, सासनी गेट थाना क्षेत्र में स्थित एक मस्जिद में संचालित इस मदरसे को मौलाना फहीमउद्दीन अवैध तरीके से चला रहा था। पुलिस ने जंजीर से बांधे गए बच्चे के पिता शहजाद और मौलाना फहीमउद्दीन को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वायरल हुए वीडियो के आधार पर एसआई विनोद ने यह केस दर्ज कराया।

बच्चे का पिता शहजाद मजदूरी करके परिवार का पेट पालता है। गिरफ्तार हुए शहजाद ने पुलिस के सामने स्वीकार किया कि उसी ने मौलाना को बच्चे को जंजीर से बांधने को कहा था। शहजाद का कहना है कि उसका बेटा पढ़ने में मन नहीं लगाता था और वह मदरसा से बार-बार भाग जाता था। इस केस पर एएसपी सिटी कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया है कि मदरसा संचालक और बच्चे के पिता शहजाद को मंगलवार को स्थानीय अदालत में पेश किया गया और इसके बाद दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया।
पुलिस ने इस घटना के बारे में बताया कि सोमवार को एक वीडियो वायरल हुआ जिसमें दिख रहा है कि बच्चे के पैरों को जंजीर से बांधा गया है। इस वीडियो के बारे में जांच-पड़ताल करने पर पता चला कि यह सासनी गेट क्षेत्र के एक मदरसे का है। पुलिस टीम ने इस मदरसे पर छापा मारा तो 13 साल का लड़का एक कमरे में जंजीर से बंधा मिला। उसके पैरों से जंजीर निकालकर उसे बचाया गया।
इस मामले का अल्पसंख्यक विभाग ने भी संज्ञान लिया। जिला अल्पसंख्यक अधिकारी स्मिता सिंह के मुताबिक, सासनी गेट थाना क्षेत्र का यह मदरसा अवैध है। अल्पसंख्यक विभाग के पोर्टल पर कहीं इस मदरसे का नाम नहीं है। विभाग ने सरकार को इस तरह के अन्य अवैध मदरसों के बारे में पत्र लिखा है। शासन से आदेश मिलने पर इन अवैध मदरसों के खिलाफ अल्पसंख्यक विभाग कार्रवाई करेगी।












Click it and Unblock the Notifications