अलीगढ़ में बड़ा सड़क हादसा, बस-ट्रक की टक्कर में 5 की मौत, 15 घायल
उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में बड़ा हादसा सामने आया है। यहां ट्रक और डबल डेकर बस के बीच टक्कर हुई है। हादसा अलीगढ़ के टप्पल थाना क्षेत्र में देर रात को हुआ है। सीओ वरुण खैर ने बताया कि बस दिल्ली से आजमगढ़ की ओर जा रही थी, इसी दौरान यह हादसा हुआ है।
Recommended Video
हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 15 लोग घायल हुए हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। मृतकों में तीन पुरुष, एक महिला और एक बच्चा शामिल है। अभी तक इनकी पहचान नहीं हो सकी है। घायलों में कुछ लोगों की हालत गंभीर है।

पुलिस ने बताया कि यमुना एक्सप्रेसवे पर टप्पल क्षेत्र में प्वाइंट नंबर 56 पर देर रात यह हादसा हुआ है। डबल डेकर बस दिल्ली से अलीगढ़ की ओर जा रही थी, जबकि ट्रक दिल्ली से आगरा की ओर जा रहा था। इसी दौरान रात तकरीबन 1 बजे यह हादसा हुआ।
हादसा इतना भीषण था कि बस की कंडक्टर साइड पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। हादसे के बाद हाईवे पेट्रोलिंग टीम और पुलिसबल मौके पर पहुंचा और घायलों को बस से बाहर निकाला।
इंस्पेक्टर टप्पल शिशुपाल शर्मा ने बताया कि हादसे में पांच लोगों की जान चली गई है, इनकी पहचान की जा रही है। घायलों को जेवर स्थित कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जबकि कुछ घायलों को अलीगढ़ भेजा गया है। घटना के बाद मौके पर लंबा जाम लग गया।
जिस वक्त यह हादसा हुआ उस वक्त देर रात होने की वजह से यात्री सो रहे थे। हादसे के बाद घायल बच्चे, महिलाएं सड़क पर गिर पड़े, जिन्हें देखकर लोगों का दिल दहल गया। हालांकि हादसे की वजह अभी तक नहीं पता चल पाई है, पुलिस इसकी जांच कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications