जेल से बाहर आने के बाद कालीचरण ने फिर खोली काली जुबान
अलीगढ़, 02 मई: अपने विवादित बयानों को लेकर चर्चा में रहने वाले महाराज कालीचरण ने एक बार फिर जहर उगला है। अलीगढ़ के संत समागम में बोलते हुए कालीचरण महाराज ने धर्म के आधार पर वोट देने की अपील करते हुए कहा कि हिंदू राष्ट्र बनाने के लिए सभी हिंदुओं को एकजुट होना चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत में केवल सनातन धर्म है। इसके अलावा कोई धर्म नहीं है। बता दें, अलीगढ़ के अचल ताल स्थित रामलीला मैदान में रविवार को संत समागम सम्मेलन का आयोजन किया गया था।

अगर हिंदू राष्ट्र नहीं बना तो...
संत समागम को संबोधित करते हुए कालीचरण ने कहा कि देश को इस्लाम की ओर ले जाया जा रहा है। इस्लाम और क्रिश्चियन धर्म ही नहीं है। इतिहास की याद दिलाते हुए कालीचरण ने कहा कि देश में 5 लाख मंदिरों को तोड़ दिया गया। 800 सालों में 80 हजार महिलाओं के साथ बलात्कार हुआ। अगर देश 'हिंदू राष्ट्र' नहीं बना तो ऐसा आगे भी होगा। कालीचरण ने कहा, 'राजनीति से घृणा करना छोड़ दो। क्योंकि, राजनीति से ही हिंदू राष्ट्र की स्थापना संभव है।' उन्होंने कहा कि अफगानिस्तान, पाकिस्तान, इराक, ईरान के साथ दुनिया के कई देश अपने हाथ से चले गए। वो सभी मुस्लिम राष्ट्र बन गए।
महात्मा गांधी को कहे थे अपशब्द, हुए थे गिरफ्तार
कालीचरण का असली नाम अभिजीत धनंजय सराग है। कालीचरण अपने विवादित बयानों को लेकर चर्चा में रहते हैं। महात्मा गांधी पर आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर कालीचरण को जेल भी भेजा गया था। उन्होंने छत्तीसगढ़ में महात्मा गांधी को अपशब्द कहे थे। इसके बाद मध्य प्रदेश के छतरपुर से पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया था। करीब तीन महीने जेल में रहने के बाद कालीचरण को जमानत मिल पाई थी। अब एक बार फिर कालीचरण ने अपने बयान के जरिए समाज को बांटने की कोशिश की है। कालीचरण का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो गया है।












Click it and Unblock the Notifications