पत्नी की जांच ATS से कराने की मांग; पति ने कहा: "खाते में 21 लाख और कई फोन, ISIS एजेंट लगती है वो"
बीते कुछ समय में उत्तर प्रदेश की ATS द्वारा कई संदिग्ध लोगों को देश विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के चलते गिरफ्त में लिया गया है। वहीं अलीगढ जनपद से इसी से जुड़ा एक आश्चर्यजनक मामला सामने आया है, जिसमे एक पति द्वारा अपनी ही पत्नी पर ISIS के सदस्य होने का शक जताया गया है। पति ने जिले के एसएसपी से पत्नी की एटीएस टीम द्वारा जांच कराने की गुहार लगाई है।
पत्नी पर ISIS एजेंट होने का शक
दरअसल, पूरा मामला अलीगढ़ के थाना क्वार्सी क्षेत्र के नगला पटवारी का है। यहां बुलंदशहर के दानपुर निवासी सिराज अली अपनी पत्नी के साथ रह रहे थे। सिराज अली ने अपनी पत्नी की संदिग्ध गतिविधियों के चलते उसपर आईएसआईएस से जुड़े होने का शक जाहिर किया है। सिराज अली ने एटीएस टीम से पत्नी की जांच कराने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से गुहार लगाई है।

फेसबुक के जरिए हुई थी मुलाकात
सिराज अली का कहना है कि वर्ष 2021 में फेसबुक के जरिए उसकी मुलाकात हसीना वाडिया से हुई। धीरे-धीरे दोनों में संबंध हुआ और 14 मई 2021 को दोनों ने शादी कर ली। जिसके बाद दोनों अलीगढ़ के थाना क्वार्सी क्षेत्र के नगला पटवारी में रहने लगे। वहीं इस दौरान हसीना ने सिराज को बताया था कि उसकी एक 12 वर्ष की बेटी भी है, जिसकी पढ़ाई देहरादून के एक स्कूल से चल रही है।

पत्नी के खाते में 21 लाख रुपए
वहीं जब सिराज लड़की से मिलने देहरादून गया और तो उसे वो लड़की अनाथ आश्रम में मिली, जिसे वो अलीगढ़ लेकर आ गया। जिसके बाद पत्नी की गतिविधियों को देख पति-पत्नी में अनबन भी होने लगी। इसी बीच सिराज को पता लगा कि उसकी पत्नी के खाते में 21 लाख रुपए है। पत्नी के खाते में इतने रुपए देख सिराज भी हैरान रह गया। पूछताछ पर पत्नी हसीना वाडिया ने बताया कि पहली शादी के सम्बन्ध बिगड़ने पर मिले थे।
कई मोबाइल फोन, दो आधारकार्ड
सिराज के अनुसार उसकी पत्नी हसीना वाडिया के पास कई मोबाइल फोन भी है, जिनसे वह अकेले में बात करती है। उसने बताया कि इस चीज का जब सिराज की मां ने विरोध किया तो हसीना ने सास व पति के साथ मारपीट कर दी। उसी दौरान सिराज को पता चला कि उसके पास दो आधारकार्ड है, जो पूणे व सकूरपुर दिल्ली के नाम से है। वहीं हसीना का नाम भी मनीषा उर्फ पूजा है, जो भारत में किसी मिशन पर काम करने की बात कह रही थी।

एटीएस टीम से जांच की मांग
आपको बता दें कि सिराज के अनुसार उसे जैसे ही अपनी पत्नी पर विदेशी जासूस होने का शक हुआ तो वह कुछ माह पूर्व ही अपनी मां को साथ लेकर दूसरे मकान में रहने लगा। साथ ही इसी मामले को लेकर उसने एन्टी टेररिस्ट स्कवार्ड, गृह मंत्रालय, डीजीपी के साथ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से गुहार लगाई है। उसने कहा है कि उसकी इंटरनेट पत्नी की एटीएस टीम से जांच पड़ताल कराई जाएं।












Click it and Unblock the Notifications