Chandrashekhar Azad Aligarh: सांसद चंद्रशेखर का सरकार पर हमला, बोले- पुलिस मूकदर्शक बनी रही, सरकार कर रही ढोंग
Chandrashekhar Azad Aligarh: अलीगढ़ में मांस व्यापारी पर भीड़ द्वारा हमले की घटना ने एक बार फिर यूपी की कानून व्यवस्था को कठघरे में खड़ा कर दिया है। इस मामले में आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष और नगीना से सांसद चंद्रशेखर आजाद ने सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार पर जमकर निशाना साधा।
दरअसल, सोमवार को घायल मांस व्यापारी और उसके साथियों से मिलने अस्पताल पहुंचे चंद्रशेखर ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में अब कानून नहीं, भीड़ का राज चल रहा है। उन्होंने कहा कि यह चिंता का विषय है कि एक ओर राज्य सरकार सुशासन का दावा करती है, वहीं दूसरी ओर गुंडों को खुली छूट मिली हुई है।

चंद्रशेखर आजाद ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि पुलिस की निष्क्रियता और मूकदर्शक बनने की भूमिका अब खतरनाक हो गई है। उन्होंने कहा कि जिस वक्त यह हमला हुआ सइ दौरान वहां पर पुलिस मौके पर मौजूद थी लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई।
उन्होंने यह भी बताया कि मांस व्यापारी ने दस्तावेज भी दिखाए थे जिससे साफ था कि वह कोई गैरकानूनी काम नहीं कर रहा था। इसके बावजूद भीड़ ने खुद कानून हाथ में लिया और प्रशासन मूक बना रहा।
दलितों और अल्पसंख्यकों को बनाया जा रहा निशाना
आजाद ने आरोप लगाया कि प्रदेश में कमजोर वर्ग, विशेष रूप से दलितों और अल्पसंख्यकों को बार-बार निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह घटना कोई अपवाद नहीं, बल्कि एक सिलसिले का हिस्सा है जो लगातार बढ़ता जा रहा है।
कानून तोड़ने वालों को मिले सज़ा, न कि समर्थन
चंद्रशेखर ने कहा कि कोई भी व्यक्ति या समूह कानून से ऊपर नहीं हो सकता। अगर किसी ने गलती की है तो उस पर कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए, लेकिन कानून को अपने हाथ में लेने की इजाजत किसी को नहीं दी जा सकती।
उन्होंने कहा कि सरकार को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि दोषियों को सज़ा मिले और पीड़ितों को न्याय। वरना जनता का भरोसा पूरी तरह से खत्म हो जाएगा और अराजकता का माहौल और गहरा जाएगा।
आजाद ने एलान किया कि वह इस मुद्दे को संसद में भी उठाएंगे और ज़रूरत पड़ी तो सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने से भी पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने कहा कि जनता की आवाज़ बनकर वह ऐसे मामलों को चुपचाप नहीं गुजरने देंगे। उन्होंने कहा कि अगर हालात नहीं सुधरे तो हम आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications