अलीगढ़ में इंटरनेट सेवाएं बहाल, बवाल के बाद 15 दिसंबर से थी ठप
अलीगढ़। नागरिकता संशोधन कानून को लेकर हो रहे विरोध प्रदर्शन के बाद अलीगढ़ में बंद की गई इंटरनेट सेवाएं अब चालू कर दी गई हैं। बता दें, हिंसक प्रदर्शन के बाद 15 दिसंबर से ही अलीगढ़ में इंटरनेट बंद था। उत्तर प्रदेश के डीजीपी ओपी सिंह ने शनिवार को कहा कि भविष्य में हिंसा से बचने के लिए अतिरिक्त उपाय किए गए हैं और दोषियों को आसानी से नहीं छोड़ा जाएगा।

बढ़ाई जा सकती है स्कूलों की छुट्टी
डीएम चंद्रभूषण सिंह ने कहा है कि अभी प्रदेश में बने हालात के मद्देनजर सुरक्षा इंतजाम ज्यों के त्यों रहेंगे। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए शहर में रेड अलर्ट के तहत दंगा नियंत्रण स्कीम प्रभावी रहेगी। मजिस्ट्रेटों व फोर्स की तैनाती ज्यों की त्यों रहेगी। हालांकि, इंटरनेट सेवाएं शनिवार रात 12 बजे से बहाल कर दी गई हैं। स्कूलों के खुलने के विषय में रविवार शाम को निर्णय लिया जाएगा। जरूरत महसूस हुई तो स्कूलों की छुट्टी बढ़ाई भी जा सकती है।
यूपी में अब तक 18 की मौत
बता दें, नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ विरोध प्रदर्शन जारी है। यूपी में इस कानून को लेकर कई जगह हिंसात्मक प्रदर्शन हुआ। प्रदर्शन में मरने वालों की संख्या 18 हो गई है। वहीं, उत्तर प्रदेश में घायल पुलिसकर्मियों का आंकड़ा 263 पहुंच चुका है। इसमें 57 पुलिसकर्मी प्रदर्शन के दौरान गोली लगने से घायल हुए हैं। यूपी पुलिस ने उपद्रवियों की पहचान कर उन्हें जुर्माने का वसूली नोटिस भेजना शुरू कर दिया है। जुर्माना नहीं चुकाने पर संपत्ति कुर्क होगी। उपद्रवियों की पहचान सीसीटीवी फुटेज से की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications