AMU ने अभद्र लेक्चर को लेकर थमाया नोटिस, प्रोफेसर ने बिना शर्त मांगी माफी
अलीगढ़, 06 अप्रैल: अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी ने क्लास में छात्रों को आपत्तिजनक पढ़ाई कराने के मामले में प्रोफेसर जितेंद्र कुमार को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। नोटिस के बाद प्रोफेसर ने एएमयू कुलपति को माफीनामा दे दिया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए एएमयू इंतजामिया ने जांच कमेटी गठित कर दी है। इधर, भाजपा नेता निशित ने भी इस पर आपत्ति जताते हुए पुलिस को शिकायत दी है। पुलिस ने एएमयू प्रशासन से जांच में सहयोग मांगा है। सीओ सिविल लाइन श्वेताभ पांडे ने बताया कि अलीगढ़ के जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज के फोरेंसिक मेडिसिन विभाग के सहायक प्रोफेसर डॉ जितेंद्र कुमार द्वारा अपनी कक्षा में प्रस्तुत किए गए पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन में धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली भाषा का इस्तेमाल हुआ। उनके ख़िलाफ़ IPC की विभिन्न धाराओं के अंतर्गत FIR दर्ज़ की गई है। उनके ख़िलाफ़ जांच की जा रही है।

एएमयू के पीआरओ उमर सलीम पीरजादा ने बताया कि घटना की जांच के लिए डीन, मेडिसिन संकाय, प्रो राकेश भार्गव की सिफारिश पर 2 सदस्यीय समिति भी बनाई गई है। डॉ जितेंद्र कुमार ने बिना शर्त माफी मांगी है। पीरजादा ने कहा कि अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी की जीरो टॉलरेंस की नीति है। एएमयू प्रशासन और चिकित्सा संकाय ने सहायक प्रोफेसर डॉ जितेंद्र कुमार द्वारा बलात्कार के पौराणिक संदर्भ पर एक स्लाइड की सामग्री की कड़ी निंदा की, उन्हें हमारे कारण बताओ नोटिस का जवाब देने के लिए 24 घंटे का समय दिया गया है।
बता दें, एएमयू के जेएन मेडिकल कॉलेज के फॉरेंसिक मेडिसिन विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. जितेंद्र कुमार पावर प्वाइंट पर देवी-देवताओं का नाम लेकर आपत्तिजनक पढ़ाई करा रहे थे। कुछ स्टूडेंट्स ने इसकी फोटो खींच कर मामले पर आपत्ति जताई। यूनिवर्सिटी ने नोटिस थमाई तो प्रोफेसर ने माफी मांगी है। पढ़ाई के दौरान की जो पीपीटी वायरल हुई, उसमें हिंदू देवी-देवताओं के बारे में अमर्यादित बातें लिखी गई हैं। इस पीपीटी का स्क्रीन-शॉट वायरल हुआ तो हिंदू संगठनों ने इसका विरोध करना शुरू कर दिया है।
इस मामले में एएमयू के पूर्व छात्र नेता और भाजपा नेता डॉ. निशित शर्मा ने आरोपी असिस्टेंट प्रोफेसर के खिलाफ बुधवार को सिविल लाइंस थाने में तहरीर दी है। उन्होंने कहा कि असिस्टेंट प्रोफेसर ने रेप विषय की पढ़ाई कराने के दौरान देवी-देवताओं के बारे में बेहद गलत टिप्पणी की। इससे हिंदू धर्म में आस्था रखने वाले लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं। तहरीर के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।












Click it and Unblock the Notifications