Vikas Divyakirti: कौन ज़्यादा ताकतवर? जवाब देकर फंसे दृष्टि कोचिंग के विकास दिव्यकीर्ति, कोर्ट में पेशी, VIDEO
Vikas Divyakirti News: दृष्टि IAS कोचिंग के संस्थापक विकास दिव्यकीर्ति को 22 जुलाई 2025 को राजस्थान के अजमेर की अदालत में पेश होना होगा। उन पर आरोप है कि उन्होंने "IAS vs Judge में कौन ज्यादा ताकतवर?" वाले अपने एक वीडियो में न्यायपालिका को लेकर व्यंग्यात्मक टिप्पणी की है। इस वीडियो के आधार विकास दिव्यकीर्ति के खिलाफ अजमेर के एक वकील ने मानहानि का मुकदमा दर्ज कराया है।
NDTV राजस्थान की रिपोर्ट के मुताबिक, वकील कमलेश मंडोलिया द्वारा दर्ज की गई याचिका में कहा गया है कि विकास दिव्यकीर्ति ने वीडियो में न्यायिक पदों और न्यायिक अधिकारियों के प्रति कथित रूप से अपमानजनक व व्यंग्यात्मक भाषा का इस्तेमाल किया, जिससे न्यायपालिका की गरिमा को ठेस पहुंची है।

राजस्थान के अजमेर में दर्ज इस मामले में न्यायिक मजिस्ट्रेट मनमोहन चंदेल की अदालत में सुनवाई हुई। दोनों पक्षों की बहस के बाद कोर्ट ने 40 पेज के आदेश में याचिका को आंशिक रूप से स्वीकार करते हुए विकास दिव्यकीर्ति को 22 जुलाई को कोर्ट में व्यक्तिगत रूप से पेश होने का आदेश दिया है।
Vikas Divyakirti Viral Video: विकास दिव्यकीर्ति का वायरल वीडियो
"IAS vs Judge: कौन है ज़्यादा ताकतवर?" नामक वीडियो में विकास दिव्यकीर्ति ने कक्षा में छात्रों को पढ़ाते हुए कहा कि "प्रश्न है कि एक जिला कलेक्टर को एक ऑर्डर राज्य सरकार ने दिया है और एक ऑर्डर हाईकोर्ट ने। उसे किसका पालन करना चाहिए? जवाब है-हाईकोर्ट का। क्योंकि वो राज्य सरकार के लिए भी और कलेक्टर के लिए भी ठीक है। वरना हाईकोर्ट दोनों को टांग देगा। हाईकोर्ट बहुत ताकतवर होता है। टांग देता है।"
उन्होंने आगे कहा कि "हाईकोर्ट कोर्ट ऑफ रिकॉर्ड है। हाईकोर्ट अगर जिला कलेक्टर को आदेश दे या सीएम कलेक्टर से कहे कि जो मैंने कहा वो करो, तो ऐसे में कोर्ट की अवमानना में सीएम भी नप सकता है।"
Who is Vikas Divyakirti: विकास दिव्यकीर्ति का जीवन परिचय
विकास दिव्यकीर्ति का जन्म 26 दिसंबर 1973 को हरियाणा में हुआ। दिल्ली विश्वविद्यालय से पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने 1996 में पहली बार यूपीएससी परीक्षा दी और 384वीं रैंक के साथ गृह मंत्रालय में नौकरी पाई। कुछ समय बाद उन्होंने सरकारी सेवा से इस्तीफा दे दिया और 1 नवंबर 1999 को दिल्ली में दृष्टि IAS कोचिंग संस्थान की स्थापना की, जो यूपीएससी की तैयारी के लिए जाना जाता है। विकास दिव्यकीर्ति की पत्नी का नाम डॉ. तरुणा वर्मा है और उनके बेटे का नाम सत्विक दिव्यकीर्ति है।












Click it and Unblock the Notifications