मामूली बात पर पिता ने सोए हुए बेटे की सरिया से वार कर ली जान, गुपचुप किया अंतिम संस्कार
अजमेर। राजस्थान के अजमेर जिले के एक परिवार में हुई मामूली कहासुनी से गुस्साए पिता ने बेटे के सिर पर सरिया से वार करके मौत के घाट उतार दिया। इतना ही नहीं पिता ने समाज के लोगों के साथ गुपचुप में बेटे के शव का अंतिम संस्कार भी कर दिया। मामला अजमेर जिले में तीर्थ नगरी पुष्कर का है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस श्मशान स्थल पहुंची और वहां मौजूद 23 लोगों को शांतिभंग में गिरफ्तार कर लिया। जबकि उसके पिता को हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया है।

उप अधीक्षक विनोद कुमार सीपा ने बताया कि सावित्री पहाड़ी के नीचे मेला मैदान की नई सड़क के पास रहने वाले नेनाराम व उसके बेटे चेनाराम के बीच मामूली विवाद हो गया। नेनाराम ने शराब के नशे में धुत होकर सो रहे बेटे चेनाराम पर सरिए से वार कर दिया जिससे उसकी मौत हो गई।
सुबह नेनाराम ने अपने समाज के लोगों को एकत्रित किया और श्मशान स्थल जाकर बेटे चेनाराम का अंतिम संस्कार भी कर दिया। नेनाराम की पत्नी ने अपने भाई को सारी जानकारी देकर इसके संबंध में पुलिस को रिपोर्ट करने की बात कही। सूचना मिलते ही पुलिस श्मशान स्थल पहुंची और 23 लोगों को गिरफ्तार किया। आरोपी नैनाराम के खिलाफ हत्या का और अन्य के खिलाफ षड्यंत्र पूर्वक साक्ष्य मिटाने का मामला दर्ज किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications