लव मैरिज करने एमपी से राजस्थान आया प्रेमी जोड़ा,रात को होटल ठहरे, सुबह प्रेमिका मृत मिली
अजमेर। राजस्थान के अजमेर के गंज थाना क्षेत्र स्थित होटल गुलाब पैलेस के कमरे में युवती का शव मिला है। मृतका मध्य प्रदेश की रहने वाली थी। वह अपने प्रेमी के साथ होटल में रुकी थी। फिलहाल प्रेमी फरार है। ऐसे में प्रेमी पर युवती की हत्या करके फरार हो जाने का आरोप है।

पुलिस की जांच में यह भी सामने आया कि दोनों अजमेर में शादी करने के लिए आए थे। यहां एक वकील से इस बारे में बातचीत भी की थी। होटल में युवती का शव मिलने पर अजमेर एसपी कुंवर राष्ट्रदीप सिंह, एएसपी सिटी सरिता सिंह मय जाप्ता मौके पर पहुंचे। उन्होंने बारिकी से मौका देखा। एफएसएल व एमओबी टीम से भी घटनास्थल की जांच करवाई। पुलिस ने जब सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो आखिरी बार युवक साढ़े 10 बजे होटल में देखा गया।

एसपी कुंवर राष्ट्रदीप ने बताया कि मृतका 30 वर्षीय शाहिस्ता गुल शाहजहांपुर मध्यप्रदेश क्षेत्र की रहने वाली थी। शाहिस्ता अपने क्षेत्र के ही रफीक नामक युवक के साथ यहां आई थी। रफीक ने शाहिस्ता को मौत के घाट उतारा और भाग गया। होटल स्टाफ को जब शक हुआ तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। रफीक की फोटो जारी करके उसकी तलाश करवाई जा रही है। रफीक के पकड़े जाने के बाद ही हत्या के कारणों का खुलासा हो सकेगा।
मृतका शाहिस्ता के परिजनों को इसकी सूचना दी जा रही है। उनकी मौजूदगी में शव का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। बता दें कि मृतका शाहिस्ता व रफीक के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ और हाथापाई भी हुई। इसके बाद रफीक उसे कमरे में ले गया और उसकी जान ले ली। कमरे के बाहर हुई हाथापाई सीसीटीवी में भी कैद हुई है।












Click it and Unblock the Notifications