गुजरात में एसओजी ने पकड़ा 70 किलो से ज्यादा गांजा, ऑटो भी कर लिया जब्त, 2 सप्लायर धरे
अहमदाबाद। स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) ने गुजरात के अहमदाबाद शहर कोटडा इलाके से 70 किलोग्राम से ज्यादा गांजा जब्त किया। दो सप्लायर पकड़े गए। साथ ही एक ऑटो रिक्शा को भी कब्जे में ले लिया। इसके अलावा इस मामले में फरार हुए उडीसा निवासी शख्स की तलाश शुरू कर दी गई है। एसओजी के अधिकारी के मुताबिक, उक्त दो आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज करते हुए उन्हें गिरफ्तार किया गया। उनकी पहचान मोहम्मद शहजाद अंसारी और रामप्रकाश खटीक के तौर पर हुई।

स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) के अधिकारी ने बताया कि, उनकी टीम को सूचना मिली थी कि शहरकोटडा में रामकुमार की चाली में रहने वाला युवक दुबे-चुपके गांजा बेचता है। तब तैयारी करके एसओजी की टीम उसके घर के पास पहुंची। टीम ने देखा कि दो लोग गांजा लेकर एक ऑटो रिक्शा में उसके घर के पास आए। तब टीम ने उन्हें घेर लिया। ऑटो की तलाशी लेने पर उसमें से 70 किलो 400 ग्राम गांजा बरामद हुआ। गांजे की बरामदगी होने पर रामप्रकाश और उसके साथी दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं, ऑटो रिक्शा को भी पुलिस ने जब्त कर लिया। बताया जा रहा है कि, गांजे की कीमत करीब सात लाख रुपए है।

गिरफ्तार किए गए आरोपितों ने पुलिस को बताया कि, 70 किलो से ज्यादा गांजे को उन्होंने उडीसा के रहने वाले सुरेन्द्र उर्फ सुंदरा के जरिए प्राप्त किया था। यह जानकारी मिलने पर पुलिस ने सुरेन्द्र को फरार घोषित कर दिया और उसकी तलाश शुरू कर दी।












Click it and Unblock the Notifications