10 रू. के फेर में फंसकर गंवा दिए 80 लाख
अहमदाबाद। कहते हैं कि लालच बुरी बला है,लेकिन इस खबर को पढ़ने के बाद आपको इस बात पर विश्वास भी हो जाएगा कि लालच बुरी बला है। गुजरात के अहमदाबाद में दो सोना व्यापारियों को उस वक्त लालच करना मंहगा पड़ गया जब 10 रुपए के चक्कर में एक ठग ने उन्हें 80 लाख रुपए का चूना लगा दिया।

अहमदाबाद के एलिसब्रिज आंबावाड़ी इलाके में मुंबई के सोना आभूषण निर्माता व विक्रेताओं को अपनी लालच के चक्कर में 80 लाख रूपए गंवाने पड़ गए। ये व्यापारी यहां अपनी ज्वैलरी बेचने आए थे। लेकिन वो आभूषण बेच पाते इससे पहले ही एक अज्ञात युवक चकमा देकर उनकी कार से सोने के आभूषणों से भरे बैग चुरा ले गया।
पुलिस के मुताबिक प्रदीप धकन और प्रवीण धकन को एक अज्ञात शख्स ने बेवकूफ बनाकर 80 लाख का सोना ठग दिया। दरअसल दोनों ही भाई थाने के सामने कार खड़ी कर बात कर रहे थे कि सभी 35 वर्षीय शख्य उनके पास आया और उसने दोनों भाईयों से कहा कि आपकी कार के नीचे रूपए पड़े हैं। प्रदीप ने झुककर देखा तो कार के पास दस-दस रूपए के नोट पड़े थे। लालच में आए प्रदीप ने फौरन कार से उतर कर दस-दस के नोट उठाने शुरू कर दिए।
10-10 रुपए के डेढ़ सौ रूपए के नोट उठाने के बाद जब वो कार में लौटे तो ड्राइवर सीट के पास रखा बैग गायब पाया। इस बैग में सवा तीन किलो सोने के आभूषण थे, जिसकी कीमत करीब 80 लाख रूपए है। दोनों भाईयों के होश उड़ गए। उन्होंने फौरन पुलिस में इसकी शिकायत की। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तफ्तीश शुरू कर दी।












Click it and Unblock the Notifications