मियां-बीवी दोनों बेचते थे कश्मीर वाले 'नशीले लड्डू', गुजरात पुलिस ने 29 लाख की चरस जब्त की
अहमदाबाद. गुजरात में अहमदाबाद शहर के कालूपुर रेलवे स्टेशन पर पुलिस ने करीब 29 लाख रुपए कीमत की चरस जब्त की। यह चरस एक दंपति से मिली, जो बाइक पर तीन साल की बच्ची को बिठाकर इस तरह निकलते थे कि पुलिस को उन पर शक न हो। मगर, क्राइम ब्रांच के दस्ते ने उनकी तलाशी ली तो 5.950 किलो चरस बरामद हुई। क्राइम ब्रांच ने दोनों को हिरासत में ले लिया।

लड्डू के रूप में पैक करके रखी हुई थी
क्राइम ब्रांच को उनके बैग से जो चरस मिली, वह लड्डू के रूप में उन्होंने पैक करके रखी हुई थी। वे पुलिस को चकमा देने के लिए तीन साल की बच्ची को भी अपने साथ रखते थे, ताकि किसी को शंका ना हो। साथ ही उन्होंने चरस को लड्डू के आकार का बनाकर इसलिए रखा, ताकि प्रथमदृष्टया वो मिठाई लगें। पूछताछ में उन्होंने खुलासा किया कि वह इस प्रकार से एक-डेढ़ महीने से चरस लेकर अहमदाबाद में नशे का कारोबार कर रहे थे।

टीम ने दोनों को हिरासत में ले लिया
आरोपियों की पहचान बाइक चालक रशीदखान पठान (37) और उसकी पत्नी शहेनाजबानू (35) के रूप में हुई। दोनों वटवा में बीबी तालाब के पास स्थित निजामनगर के निवासी हैं। गुरुवार को वे जैसे ही कालूपुर रेलवे स्टेशन के निकासी द्वार से बाहर निकले, मुखबिर के जरिए पुलिस को उनका पता चल गया। तब स्टेशन के निकासी द्वार के पास ही तैनात क्राइम ब्रांच के कर्मचारियों की टीम ने दोनों को हिरासत में ले लिया। तलाशी के दौरान चरस बरामद होने पर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

डेढ़ महीने से रशीदखान कश्मीरी के संपर्क में था
क्राइम ब्रांच ने दोनों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करते हुए आगे की कार्रवाई शुरू कर दी। पूछताछ में यह भी सामने आया कि रशीदखान के पास से बरामद चरस कश्मीर की है। यह चरस उसे कश्मीर के ही एक व्यक्ति ने हरियाणा के रोहतक में दी थी। जहां से चरस को लेकर रशीदखान पठान उसकी पत्नी के साथ अलग अलग वाहन और फिर ट्रेन के जरिए अहमदाबाद पहुंचा था। बीते करीब डेढ़ महीने से रशीदखान उक्त कश्मीरी के संपर्क में था और उसके पास से चरस लेकर अहमदाबाद में उसे बेचता था।












Click it and Unblock the Notifications