Coronavirus outbreak: थाईलैंड से लौटी युवती संदिग्ध मरीज निकली, आइसोलेशन वार्ड में हुई भर्ती
अहमदाबाद. कोरोना वायरस की दहशत के बीच चीन से लौटते गुजरातियों की राज्य के हवाई अड्डों पर गहन जांच जारी है। यहां थाईलेंड से लौटी एक 28 वर्षीय युवती की स्क्रीनिंग हुई तो अधिकारी चौंक पड़े। उस युवती में संदिग्ध बीमारी के लक्षण मिले। उसे बुखार जैसी शिकायत होने लगी। पहले उसे स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से अहमदाबाद सिविल अस्पताल ले जाया गया। फिर उसे अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में शिफ्ट करना पड़ा।

थाईलैंड से हुई लैंडिंग, युवती में संदिग्ध बीमारी के लक्षण मिले
डॉक्टरों ने बताया कि, पीड़िता पर सतत निगरानी रखी जा रही है। महिला की स्वास्थ्य जांच की जा रही है और नमूने लेकर पुणे स्थित नेशनल इंस्टीट्यूट आफ वायरोलोजी (एनआईवी) भेजा गया है। उस महिला को शंकास्पद हालत में अहमदाबाद के सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। हालांकि, अभी तक किसी भी मरीज में कोरोनावायरस की मौजूदगी की पुष्टि नहीं हुई। मगर, जो भी बाहर से गुजरात आ रहा है, उसकी जांच की जा रही है। खासकर चीन के वुहान से लौटने वाले लोगों को खास उपचार केंद्रों में रखा गया है।

अब तक करीब 800 गुजराती चीन से लौटे
गांधीनगर, सुविधा केंद्र की प्रभारी डिप्टी कलेक्टर तृप्ति व्यास ने बताया कि मंगलवार तक गुजरात लौटे लोगों में से 622 लोगों को एहतियाती चिकित्सा निगरानी में रखा गया है, जबकि 147 की निगरानी पूरी हो चुकी है। नॉवेल कोरोना वायरस प्रभावित इलाकों से मंगलवार को 255 और गुजराती स्वदेश लौटे। जिनमें से सर्वाधिक 161 अहमदाबाद के रहने वाले हैं। साथ ही चीन से हाल ही लौटने वाले गुजरातियों की संख्या 769 हो गई है। अभी भी कई नागरिकों को वापस लाया जा रहा है।

दो सप्ताह में पता लगता है कोरोना वायरस का
विशेषज्ञों के अनुसार, इस वायरस के लक्षण दिखने में दो सप्ताह तक का समय लगता है। संकट के हालात देखते हुए, अहमदाबाद के एसवीपी अस्पताल में एहतियाती तौर पर 30 बेड का एक आइसोलेशन वार्ड और 12 बेड का संबंधित आईसीयू तैयार किया गया है। यहीं पर चीन से आने वाले लोगों को लाया जाता है।

सरकार बरत रही अतिरिक्त सतर्कता
चीन, जापान व सिंगापुर में गंभीर बीमारी का यह वायरस पाए जाने के बाद भारत सरकार अतिरिक्त सतर्कता बरत रही है। इसी के तहत अलग-अलग देशों से आ रहे विमान यात्रियों की विशेषज्ञों द्वारा गहन थर्मल जांच का निर्देश दिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications