गुजरात में कांग्रेस विधायक की कार ने युवक को कुचला, उसकी मौत के बाद गिरफ्तार ड्राइवर 4 घंटे में छूट गया
अहमदाबाद. गुजरात में अहमदाबाद के मेमनगर में हुए हिट एंड रन के मामले में गिरफ्तार आरोपी इनोवा चालक महज 4 घंटे के भीतर ही छूट गया। सुबूतों के अभाव में पुलिस उसे सलाखों तक नहीं पहुंचा सकी। मामले की जांच कर रहे ट्रैफिक ए डिवीजन एसीपी बी बी भगोरा ने बताया कि हमने उक्त इनोवा के ड्राइवर देवेंद्र भावसार को हिरासत में लिया था, किंतु सीसीटीवी फुटेज न मिल पाने के कारण उसे छोड़ना पड़ा।

बता दें कि, बीते बुधवार को विधायक शैलेष परमार की इनोवा कार ने एक बाइक सवार को टक्कर से मार डाला था। इनोवा उस बाइक वाले को काफी दूर तक घसीट ले गई थी। इस हादसे का वीडियो पास ही लगे सीसीटीवी फुटेज में कैप्चर हो गया था। यह फुटेज मीडिया में भी आ चुका है। मगर, पुलिस का कहना है कि उनके सीसीटीवी फुटेज प्राप्त करने की कोशिश कर रही है। ऐसा बताया जा रहा है कि विधायक शैलेष ने सीसीटीवी फुटेज पुलिस को नहीं दिए।

अब पुलिस खुद ही सबूत जुटाने में लगी है। उधर, जो वीडियो सामने आ चुका है, उसमें आप देख सकते हैं कि इनोवा कार ने एक बाइक सवार को कैसे रौंदा। संवाददाता के अनुसार, जिस बाइक सवार की मौत हुई, उसकी पहचान प्रफुलभाई पटेल के रूप में हुई। प्रफुलभाई पटेल उस वक्त बेटे को ट्यूशन से लेने गए थे। घटना के बाद पुलिस और एंबुलेंस ने उनकी बॉडी को कब्जे में लिया। प्रफुलभाई की मौत के बाद उनकी पत्नी और दो बेटे निराधार हो गए हैं। मृतक की पत्नी शीतलबेन का कहना है कि, अगर समय पर उपचार किया गया होता तो उनके पति की जान बच सकती थी।












Click it and Unblock the Notifications