पैरालंपिक में सिल्वर जीतने वालीं भाविना पटेल को 3 करोड़ रुपये देगी गुजरात सरकार, सीएम का ऐलान
अहमदाबाद, 29 अगस्त: गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने टोक्यो पैरालंपिक में रजत पदक जीतने पर पैरा टेबल टेनिस खिलाड़ी भाविना पटेल को 'दिव्यांग खेल प्रतिभा प्रोत्साहन पुरस्कार योजना' के अंतर्गत 3 करोड़ रुपए देने की घोषणा की है। वहां, हरियाणा के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने ऐलान किया कि टेबल टेनिस फेडरेशन ऑफ इंडिया की ओर से भाविना पटेल को 31 लाख रुपए दिए जाएंगे। बता दें, भाविना बेन पटेल को टोक्यो पैरालंपिक की टेबल टेनिस क्लास 4 स्पर्धा के महिला एकल फाइनल में रविवार को चीन की झाउ यिंग के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। उन्हें यिंग ने सीधे मुकाबले में 7-11, 5-11, 6-11 से शिकस्त दी। हालांकि, इसके बावजूद वह टोक्यो पैरालंपिक खेलों में भारत को पहला मेडल दिलाने में सफल रहीं।

पीएम मोदी ने कहा- भाविना पटेल ने इतिहास रच दिया
भाविना पटेल की जीत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट में कहा, 'असाधारण... भाविना पटेल ने इतिहास रच दिया है। उन्होंने देश के लिए ऐतिहासिक रजत पदक जीता है। उनकी जीवन यात्रा प्रेरक है और वह युवाओं को खेलों की ओर आकर्षित करेंगी।' भारतीय पैरालंपिक समिति की अध्यक्ष दीपा मलिक ने कहा है, भाविना पटेल के रजत पदक ने इतिहास रच दिया है, वो भी राष्ट्रीय खेल दिवस के दिन। मेरे लिए इससे बड़ी खुशी की बात क्या होगी कि एक महिला खिलाड़ी ने टोक्यो पैरालंपिक में मेडल का खाता खोला है। वो भी ऐसी महिला खिलाड़ी जो व्हील चेयर का इस्तेमाल करती हैं।
पीएम मोदी ने फोन पर भी दी बधाई
भाविना पटेल गुजरात के वडनगर में सुंधिया की रहने वाली हैं। गुजरात के मैहसाणा जिले में भाविना पटेल के पिता हंसमुखभाई पटेल एक छोटी परचून की दुकान चलाते हैं। हंसमुखभाई पटेल ने बेटी की सिल्वर मेडर पर कहा, ''उसने देश का नाम रोशन किया। वह गोल्ड मेडल नहीं लेकर आईं लेकिन हम सिल्वर मेडल से भी खुश हैं। वापस आने पर हम उसका भव्य स्वागत करेंगे।'' मेडल जीतने के बाद पीएम मोदी ने भाविना को फोन पर भी बधाई दी। पीएम मोदी ने भाविना से कहा कि वो अक्सर सुंधिया जाते रहते हैं। पीएम ने उनसे पूछा कि क्या अब भी उनका परिवार वहां रहता है? भाविना ने बताया कि उनके माता-पिता अब भी वहां रहते हैं।












Click it and Unblock the Notifications