अहमदाबाद में हिट एंड रन: कारों की रेस कर रहे युवकों ने फुटपाथ पर सोते मजदूर परिवार को कुचला
अहमदाबाद। गुजरात के सबसे बड़े शहर अहमदाबाद में आज "हिट एंड रन" की घटना सामने आई है। यहां कार की रेस कर रहे अमीरजादों ने फुटपाथ पर सो रहे मजदूर परिवार को कुचल डाला। जिससे महिला की मौत हो गई। वहीं, उसके पति और तीन बच्चों की हालत गंभीर हो गई। बेकाबू कार पास ही में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में साफ देखी जा सकती है। जान लेने वाली कार एक अन्य वाहन को ओवरटेक करते वक्त फुटपाथ पर चढ़ी।

पुलिस ने बताया कि, यह घटना अहमदाबाद में शिवरंजनी चौराहे के पास की है। फुटपाथ पर सो रहे मजदूर परिवार को कुचलने वाली कार में सवार 4 युवक मौके से फरार हो गए थे, अब उनकी तलाश की जा रही है। वहीं, पीड़ितों का अस्पताल में उपचार चल रहा है। एक पुलिस अधिकारी के मुताबिक, कार शैलेष शाह नाम के एक व्यक्ति की है। हालांकि, अभी यह साफ नहीं हो सका है कि शैलेष कार में था या नहीं। पुलिस का कहना है कि, जैसे ही हिट एंड रन की सूचना मिली, पुलिस की टीम और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंच गए थे। उन्होंने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

घायलों में एक पिता और 3 उसके बच्चे शामिल हैं। महिला की जान नहीं बच पाई। बच्चों की हालत नाजुक है। इन पीड़ितों की पहचान बाबूभाई (पिता), जबकि उनके बच्चों के नाम जेतन, सुरेखा और विक्रम के तौर पर हुई है। पुलिस ने यह भी बताया कि, कार का मालिक पकड़ा जा चुका है।












Click it and Unblock the Notifications